हरदोई में नदी में बहता मिला अज्ञात युवक का शव, पीठ पर जलने के निशान देख हत्या की आशंका
हरदोई के अरवल स्थित बेडीजोर पुल के पास नदी में अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप। पीठ पर जलने के निशान, पुलिस शव कब्जे में लेकर जांच में जुटी।
रिपोर्ट : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई। जिले के अरवल थाना क्षेत्र स्थित बेडीजोर पुल के निकट नदी में एक अज्ञात युवक का शव पानी के तेज बहाव में बहता मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने जब पानी में शव तैरता देखा तो मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। मृतक ने नीले रंग की जींस और काले रंग की चेकदार शर्ट पहन रखी थी।
शव को नजदीक से देखने वाले प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की पीठ पर गंभीर रूप से जलने के गहरे निशान मौजूद थे। शरीर पर इस तरह के निशान देखकर स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव को नदी में बहाए जाने का अंदेशा जताया है। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अरवल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि नदी में शव बहने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया और शव को नदी से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान सुनिश्चित होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?







