Sambhal News: सम्भल में 10-11 अक्टूबर को सजेगा 65वां उर्स, मुफ़्ती अजमल शाह की जिंदगी पर होगा विशेष सेमिनार
मरकजी मदरसा अहले सुन्नत अजमल उलूम के संस्थापक और मशहूर इस्लामी विद्वान मुफ़्ती अजमल शाह का 65वां उर्स
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: मरकजी मदरसा अहले सुन्नत अजमल उलूम के संस्थापक और मशहूर इस्लामी विद्वान मुफ़्ती अजमल शाह का 65वां उर्स इस बार शानो-शौकत के साथ मनाया जाएगा। उर्स के मौके पर 10 और 11 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना वसी अशरफ ने दी।
मौलाना वसी अशरफ ने बताया कि 10 अक्टूबर, शनिवार को मुफ़्ती अजमल शाह साहब की जीवनी पर सेमिनार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसी मजहबी शख्सियत की जीवनी पर लगातार आयोजित होने वाला यह 14वां सेमिनार है। मौलाना के मुताबिक मुफ़्ती अजमल शाह की पहचान सम्भल और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि देश-विदेश तक है। उनकी किताब ‘फतावा-ए-अजमलिया’ से आज भी उलेमा और मुफ्ती फायदा हासिल करते हैं। वहीं 11 अक्टूबर, रविवार को उलेमा-ए-किराम मुफ़्ती अजमल शाह की जिंदगी और उनकी धार्मिक सेवाओं पर रोशनी डालेंगे। बरेली शरीफ की दरगाह आला हज़रत से शहज़ादा-ए-रेहाने मिल्लत हज़रत अल्लामा मौलाना तसलीम रज़ा खान दुआ के लिए शिरकत करेंगे, जबकि बनारस से मुफ़्ती आसिफ रज़ा बरकाती खुसूसी खिताब करेंगे। कार्यक्रम में सम्भल के अलावा मुरादाबाद, अमरोहा और रामपुर समेत आसपास के जिलों से उलेमा और जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है। उर्स के दौरान कुल शरीफ दोपहर 12:20 बजे होगा। मौलाना वसी अशरफ ने लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर कुल शरीफ में शामिल हों और अपनी परेशानियों के साथ-साथ मुल्क की खुशहाली और अमन के लिए दुआ करें।
What's Your Reaction?