यूपी में 520 सरकारी पदों पर निकली भर्ती: खेल और युवा कल्याण विभाग में अवसर, यूपीएसएसएससी ने जारी किया नोटिफिकेशन

यूपीएसएसएससी ने खेल निदेशालय और युवा कल्याण विभाग में 520 पदों पर भर्ती निकाली। पीईटी स्कोरकार्ड वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए कर सकेंगे आवेदन।

By INA News Desk
Sep 30, 2026 - 23:42
8 Views
यूपी में 520 सरकारी पदों पर निकली भर्ती: खेल और युवा कल्याण विभाग में अवसर, यूपीएसएसएससी ने जारी किया नोटिफिकेशन
  • योगी सरकार में युवाओं के लिए सरकारी सेवाओं के बढ़े अवसर, 520 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
  • खेल निदेशालय के 108 और युवा कल्याण विभाग के 412 पदों के लिए यूपीएसएसएससी ने जारी किए विज्ञापन

लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने और विभिन्न विभागों में मानव संसाधन को मजबूत करने की दिशा में लगातार भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने खेल एवं युवा कल्याण से जुड़े कुल 520 पदों पर चयन के लिए दो अलग-अलग मुख्य परीक्षाओं के विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें खेल निदेशालय के 108 पद तथा क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी एवं व्यायाम प्रशिक्षक के 412 पद शामिल हैं।

दोनों भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी-2025) के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग के बाद किया जाएगा।

खेल निदेशालय में 108 पदों पर भर्ती
आयोग ने विज्ञापन संख्या 22-परीक्षा/2026, खेल निदेशालय मुख्य परीक्षा (प्रा0अ0प0-2025)/22 जारी किया है। इसके तहत विभिन्न प्रकार के कुल 108 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा। विज्ञापन 30 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 तक पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे। शुल्क समायोजन एवं आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 11 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

युवा कल्याण एवं व्यायाम प्रशिक्षक के 412 पद
विज्ञापन संख्या 23-परीक्षा/2026, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी तथा व्यायाम प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा0अ0प0-2025)/23 के तहत कुल 412 पदों पर भर्ती होगी। इनमें क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 368 पद तथा व्यायाम प्रशिक्षक के 44 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन, पंजीकरण एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 है, जबकि शुल्क समायोजन एवं आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

पीईटी-2025 में शामिल अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
दोनों मुख्य परीक्षाओं के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने संबंधित पद की अनिवार्य अर्हता पूरी करने के साथ पीईटी-2025 में प्रतिभाग किया हो और आयोग द्वारा उन्हें स्कोर कार्ड जारी किया गया हो। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग पीईटी-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट के अनुसार की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोग के अनुसार पीईटी-2025 में वास्तविक अथवा नार्मलाइज्ड स्कोर में शून्य या उससे कम/नकारात्मक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।

यूआई और प्रोविजनल अभ्यर्थियों के लिए भी प्रावधान
पीईटी-2025 के परिणाम में आयोग स्तर से अंडर इन्वेस्टिगेशन (यूआई) और प्रोविजनल के रूप में चिन्हित अभ्यर्थियों को भी संबंधित मुख्य परीक्षाओं में आवेदन की औपबंधिक अनुमति दी गई है। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग और चयन संबंधी आगे की कार्यवाही आयोग द्वारा की जा रही जांच के परिणाम एवं अंतिम निर्णय के अधीन होगी।

समयसीमा का रखें विशेष ध्यान
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथियों के बाद आवेदन या शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को बैंक द्वारा शुल्क समायोजन की प्रक्रिया भी निर्धारित समयसीमा में पूरी करनी होगी। शुल्क समायोजन के बाद ही आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकाला जा सकेगा। दोनों विज्ञापनों में आवेदन के दौरान अनुमन्य विवरण में संशोधन के लिए अलग से समय दिया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow