यूपी के 3572 युवाओं को रोजगार का तोहफा: कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के 3572 नवचयनित युवाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इनमें 3446 प्राविधिक सहायक और 126 मंडी सचिव शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सेवाओं से जोड़ने की मुहिम के तहत एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित कुल 3572 अभ्यर्थियों को राजकीय सेवा में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
समारोह में कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को पदस्थापन प्रपत्र वितरित किए जाएंगे। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी अभ्यर्थियों का चयन अंतिम रूप से हुआ है।
मुख्यमंत्री समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर नवचयनित युवाओं को शासकीय दायित्वों के निर्वहन और नई कार्य जिम्मेदारियों के लिए मार्गदर्शन देंगे। इस दौरान नवनियुक्त कर्मियों को किसानों के हित में तकनीकी सहयोग प्रदान करने और मंडियों की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित शासन एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कृषि और मंडी तंत्र में इन नए कर्मियों के शामिल होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Also Click : Hijab Row: स्कूल में यूनिफॉर्म के साथ हिजाब पहनने की इजाजत नहीं, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की छात्रा की याचिका
What's Your Reaction?







