प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक: घबराएं नहीं उपभोक्ता, त्योहारी सीजन को लेकर सरकार ने दिए कड़े निर्देश
उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। गोदामों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और त्योहारों पर भी सुचारू आपूर्ति बनी रहेगी। सरकार ने निगरानी के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के गोदामों में चीनी का प्रचुर स्टॉक मौजूद है और त्योहारी सीजन के दौरान इसकी आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि सरकार हर स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।
गन्ना उद्योग विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में राज्य के विभिन्न गोदामों में 70 लाख कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक सुरक्षित है। इसमें सहकारी चीनी मिलों के पास लगभग 13.40 लाख कुंतल, निगम के पास 2.93 लाख कुंतल और निजी चीनी मिलों के पास 54 लाख कुंतल से अधिक चीनी उपलब्ध है। इसके अलावा, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से चीनी मिलों का संचालन दोबारा शुरू हो जाएगा, जिससे नवंबर में नए पेराई सत्र की ताजा चीनी भी बाजार में आसानी से मिलने लगेगी।
केंद्र और राज्य स्तर पर निगरानी के कड़े निर्देश
हाल ही में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के उच्च अधिकारियों ने चीनी की कीमतों को नियंत्रित रखने और देश भर में इसकी सुचारु सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में राज्य के गन्ना विभाग ने भी सभी क्षेत्रीय अधिकारियों और जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर सख्त कदम उठाने को कहा है।
निर्देशों के तहत सभी जिलों में चीनी मिलों से बाजार में होने वाली आपूर्ति, थोक तथा खुदरा मूल्यों पर लगातार नजर रखने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें गोदामों में चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर रही हैं, ताकि जमाखोरी या कालाबाजारी जैसी किसी भी स्थिति से बचा जा सके और आम जनता को उचित दामों पर निरंतर चीनी मिलती रहे।
What's Your Reaction?



