वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो का दूसरा दिन आज, नमो घाट पर दिखेगा राफेल और सुखोई का शौर्य
काशी के नमो घाट पर 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो का दूसरा दिन। राफेल, सुखोई, तेजस और चिनूक हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब, 25 अक्टूबर को पीएम मोदी करेंगे शिरकत।
धर्म, संस्कृति और अध्यात्म की पावन नगरी काशी में शनिवार को एक बार फिर मां गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, शौर्य और तकनीकी श्रेष्ठता का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के दूसरे दिन जांबाज पायलट अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान में हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान 'तेजस' की गर्जना से काशी का आसमान गूंज उठेगा, जबकि शक्तिशाली चिनूक हेलीकॉप्टर का लाइव प्रदर्शन दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य विशिष्ट हस्तियां नमो घाट पर उपस्थित रहकर वायुसेना के इस भव्य शक्ति प्रदर्शन की साक्षी बनेंगी।
तकनीकी दक्षता में दिखेगी काशी की सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक
गंगा के विहंगम तट पर आयोजित यह ऐतिहासिक एयर शो वायुसेना की सटीक परिचालन दक्षता का प्रदर्शन करने के साथ ही युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। प्रदर्शन के दौरान विमानों की तीव्र गति, सटीक तालमेल और जटिल एरियल फॉर्मेशन दर्शकों को रोमांचित करेंगे। विशेष रूप से तीन किरण प्रशिक्षण विमानों द्वारा आकाश में 'काशी' फॉर्मेशन का निर्माण करते हुए तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरना आयोजन का मुख्य आकर्षण है। इसके अलावा देवाधिदेव महादेव और मां गंगा के प्रतीकों से जुड़े नामों और कोड्स के जरिए हवाई कलाबाजियों में काशी की पौराणिक विरासत को पिरोया गया है। इस एयर शो में कुल 100 विमान प्रतिभाग कर रहे हैं, जो देशभर के 12 प्रमुख एयरबेसों से उड़ान भरकर वाराणसी के आकाश में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
पहले दिन उमड़ा पांच लाख का जनसैलाब, शनिवार को भी भारी भीड़ की उम्मीद
22 अक्टूबर को एयर शो के उद्घाटन दिवस पर करीब पांच लाख श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने घाटों, छतों और गंगा पार रेतीले तटों से लड़ाकू विमानों की गर्जना और कलाबाजियों का अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त किया था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में वायुसेना के इस पराक्रम को देखने के लिए अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। शनिवार को भी भारी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना हुआ है।
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए चाक-चौबंद इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष निर्देशों के अनुपालन में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए हैं। नमो घाट और आसपास के सभी संपर्क मार्गों पर सुचारु आवागमन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और निरंतर निगरानी के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। संबंधित प्रशासनिक व पुलिस विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि दर्शक बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में वायुसेना के इस शौर्य उत्सव का आनंद ले सकें।
What's Your Reaction?

