Deoband News: देवबंद में अनोखा दशहरा: युवाओं ने फूंका शराब-जुए रूपी रावण, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व दशहरा के अवसर पर वाल्मीकि कॉलोनी देवबंद में युवाओं ने एक नई और प्रेरणादायक
देवबंद। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व दशहरा के अवसर पर वाल्मीकि कॉलोनी देवबंद में युवाओं ने एक नई और प्रेरणादायक पहल की है। जहां पूरे देश में रावण के पुतले का दहन किया जा रहा था, वहीं वाल्मीकि समाज के युवाओं ने एकत्रित होकर शराब और जुआ रूपी रावण का प्रतीकात्मक दहन कर समाज को नई दिशा देने की शपथ ली। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने समाज और कॉलोनी को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए एक मुहिम चलाएंगे।
- समाज को तरक्की की ओर ले जाने का संकल्प
राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सहारनपुर दीपक चंचल ने बताया कि वाल्मीकि समाज के युवाओं ने एकजुट होकर यह फैसला लिया है कि समाज में फैली शराब, जुआ और सट्टे जैसी बुराइयों को जड़ से खत्म करना है। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है और परिवार टूट रहे हैं।
उन्होंने कहा, "हम समाज में एक मुहिम चलाएंगे, जिसमें सभी बच्चों और नौजवान साथियों को शराब और जुए-सट्टे से दूर करने का प्रयास किया जाएगा। हम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और युवाओं को शिक्षा और रोजगार की ओर प्रेरित करेंगे।"
- भाजपा नेताओं ने भी किया समर्थन
इस अनोखे कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष दीपक वाल्मीकि और नगर अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भाजपा निखिल वाल्मीकि ने भी युवाओं की इस पहल की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मास्टर दीपक पीवाल, सौरभ पीवाल, विजय टोंक, दिनेश टोंक, रंजीत, सोनू वाल्मीकि सहित वाल्मीकि समाज के सैकड़ों युवा साथी भारी संख्या में मौजूद रहे। युवाओं के इस कदम की क्षेत्र में चारों ओर सराहना हो रही है।
What's Your Reaction?



