Hardoi: गांधी जी के सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन व सविनय अवज्ञा आंदोलन ने अंग्रेजी सरकार की जड़ों को हिलाकर रख दिया था:- मंगला प्रसाद सिंह

शास्त्री जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने जै जवान, जै किसान के नारे से करोड़ों भारतीयों को प्रेरित किया।

By INA News Desk
Oct 2, 2024 - 22:27
39 Views
Hardoi: गांधी जी के सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन व सविनय अवज्ञा आंदोलन ने अंग्रेजी सरकार की जड़ों को हिलाकर रख दिया था:- मंगला प्रसाद सिंह

Hardoi News INA.

राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की जयंती व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती को जनपद में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सबसे पहले जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने पुलिस लाइन के सामने गाँधी पार्क में गाँधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व पुष्पांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा झंडा फहराया तथा गाँधी जी व शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने सम्बोधन में दोनों महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाँधी जी का जीवन काफ़ी संघर्षमय रहा। दक्षिण अफ्रीका में रहने के दौरान उन्होंने अनवरत रंगभेद के विरुद्ध संघर्ष किया। भारत आने के बाद चम्पारण सत्याग्रह से अपने संघर्ष की शुरुआत की।

चम्पारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन व सविनय अवज्ञा आंदोलन ने अंग्रेजी सरकार की जड़ों को हिलाकर रख दिया। उन्होंने पूरे देश को एकजुट करने का कार्य किया। चल पड़े जिधर दो डग मग जो, चल पड़े कोटि पग उसी ओर कविता के माध्यम से उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन पर गाँधी जी के व्यापक प्रभाव को इंगित किया।

शास्त्री जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने जै जवान, जै किसान के नारे से करोड़ों भारतीयों को प्रेरित किया। शास्त्री जी जब प्रधानमंत्री बने तो देश अन्न संकट के दौर से गुजर रहा था। उनके द्वारा दिए गए नारे ने देश के किसानों के अधिक अन्न उपजाने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा कुछ स्वच्छाग्रहियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ वाटिका में स्थित गाँधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट परिसर के उपरांत जिलाधिकारी ने गाँधी भवन में झंडारोहण किया व गाँधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने गाँधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी को देखा तत्पश्चात प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया।

स्टालों के अवलोकन के बाद उन्होंने सर्व धर्म प्रार्थना सभा व चरखा यज्ञ में हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ने स्वयं चरखा चलाया। विभिन्न धर्माे के लोगों ने एक ही मंच से अपने अपने धर्म की बातें की। बच्चों ने देशभक्ति आधारित गीतों पर कार्यक्रम प्रस्तुत किये। गाँधी भवन के कार्यक्रम में माननीय नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर व महात्मा गाँधी जन कल्याण समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। सम्पूर्ण कार्यक्रमों के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow