देहरादून न्यूज़: दिल्ली में प्रतीकात्मक केदारनाथ मंदिर का विरोध। 

By INA News Desk
Jul 14, 2024 - 20:55
77 Views
देहरादून न्यूज़: दिल्ली में प्रतीकात्मक केदारनाथ मंदिर का विरोध। 
Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट- सैफ जाफरी 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिल्ली में केदारनाथ के प्रतीकात्मक मंदिर के शिलान्यास करने को लेकर केदारघाटी में लगातार विरोध जारी है। सीतापुर में केदारघाटी होटल एसोसिएशन ने विरोध करते हुए मंदिर का नाम परिवर्तित करने की मांग की है। कहा कि मंदिर का नाम केदारनाथ रखा गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।केदारघाटी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी एवं सचिव नितिन जमलोकी के नेतृत्व में शनिवार को एसोसिएशन के सदस्यों ने सीतापुर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी के खिलाफ नारेबाजी की गई। आंदोलित लोगों ने कहा कि यह फैसला किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस कृत्य को लेकर केदारघाटी के विभिन्न स्थानों पर आंदोलन शुरू हो गए हैं।

केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी ने जताया विरोध

एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी ने कहा कि दिल्ली के बौराड़ी में बन रहा मंदिर धर्म शास्त्रों के खिलाफ है। अच्छा होता मुख्यमंत्री केदारनाथ आने वाले यात्रियों को सुविधा देते, ना कि केदारनाथ जैसे विश्व विख्यात धाम को दिल्ली में स्थापित करने का प्रयास करते। तीर्थपुरोहित समाज, व्यापारी और स्थानीय जनता इसको लेकर आंदोलित है। यदि फैसला वापस नहीं लिया जाता है तो जनता उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगी। यह धर्म विरुद्ध कार्य है, जिसकी सब जगह निंदा हो रही है। दिल्ली में केदारनाथ धाम के प्रतीकात्मक मंदिर निर्माण से पूरी केदारघाटी से लेकर जिले की जनता में आक्रोश फैल गया है। जहां केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितों ने प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर किया। वहीं मूल निवास, भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति ने भी सरकार को चेतावनी दी है।

केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग ने कहा कि केदारनाथ धाम साक्षात हिमालय में बसा हुआ है। इसका अपना महत्व है। इसके बावजूद दिल्ली में जाकर केदारनाथ मंदिर का शिलान्यास करना धर्म के लिए अहित है। केदारनाथ मंदिर की महत्ता और अखण्डता बनी रहनी चाहिए। इसकी धार्मिकता को खराब नहीं किया जाना चाहिए। मूल निवास, भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति ने भी केदारनाथ मंदिर निर्माण को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। समिति के संयोजक मोहित डिमरी ने कहा कि बाबा केदार के नाम से हम सभी की पहचान है और आज इसी पहचान को खत्म करने की साजिश हो रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।

बीजेपी-कांग्रेस में जुबानी जंग जारी

इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार ने कहा कि दिल्ली में केदारनाथ मंदिर का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है। केदारनाथ धाम रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है, यहां भगवान शंकर ग्यारहवें ज्योतिलिंग के रूप में पूजे जाते हैं। दिल्ली में बन रहा मंदिर सिर्फ प्रतीकात्मक है। इससे सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार तेजी के साथ होगा। उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ धाम की कॉपी करना मुश्किल है। वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत और तत्कालीन बीकेटीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुम्बई के बसई में बद्रीनाथ मंदिर निर्माण का शिलान्यास किया था, लेकिन उस समय भाजपा ने इसको लेकर कोई विरोध नहीं किया और आज जब धर्म का प्रचार करने को लेकर दिल्ली में केदारनाथ धाम का प्रतीकात्मक मंदिर निर्माण किया जा रहा है तो कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement