अगले दो साल में 2 लाख नौजवानों को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री

By INA News Desk
Aug 22, 2024 - 23:22
83 Views
अगले दो साल में 2 लाख नौजवानों को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऋण मेला के अंतर्गत 5,000+ युवाओं को नियुक्ति पत्र एवं विभिन्न योजनाओं में चयनित पात्रों एवं MSME उद्यमियों को ₹30 करोड़+ का ऋण वितरण तथा स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 1,000+ छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किया
Advertisement
Advertisement



हाईलाइट्स:-:

  • - मुजफ्फरनगर में जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेला में शामिल हुए सीएम योगी
  • - बोले योगी, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति जब्त करके गरीबों में बांटेंगे 
  • - प्रदेश के जनपदों में हर तीन माह में आयोजित किये जाएंगे रोजगार मेले : योगी 
  • - देश को बांटने और दंगों की आग में झोंकने वालों से सावधान रहना होगा : मुख्यमंत्री 
  • - पहले कैराना से पलायन होता था, आज निवेश हो रहा है : योगी आदित्यनाथ 
  • - मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मुजफ्फरनगर में 5 हजार से अधिक युवाओं को सौंपा गया नियुक्ति पत्र 
  • - विभिन्न योजनाओं में चयनित पात्रों एवं एमएसएमई उद्यमियों में ₹30 करोड़ का ऋण हुआ वितरित 
  • - स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को में वितरित हुआ स्मार्टफोन और टैबलेट

मुजफ्फरनगर/लखनऊ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश सरकार अगले दो साल में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देगी। यह बात सीएम योगी ने बीआईटी कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेला में कही। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियां निकलती थीं तो पश्चिमी यूपी के युवाओं को उससे वंचित रखा जाता था, मगर आज यहां के युवा और बेटियां नौकरियां प्राप्त कर रही हैं। सीएम योगी ने कहा कि शुक्रवार से प्रदेश में पुलिसकर्मियों की 60 हजार से अधिक नौकरियों के लिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निकलने वाली सरकारी नौकरियों में यहां के युवाओं को बढ़चढ़ कर भाग लेना होगा। कोई माई का लाल युवाओं की योग्यता पर प्रश्न नहीं खड़ा कर पाएगा। उन्होंने आगाह किया कि किसी ने भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश की तो उसे जेल भेजने के साथ ही उसकी संपत्तियों को जब्त करके गरीबों में बांट दिया जाएगा।

सीएम योगी गुरुवार को यहां बीआईटी कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेला में शामिल हुए। इस दौरान 5 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं में चयनित पात्रों एवं एमएसएमई उद्यमियों में ₹30 करोड़ का ऋण वितरित किया गया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट भी वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के जनपदों में हर तीन माह में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। 

दंगामुक्त हो चुका है मुजफ्फरनगर...


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को नमन करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर को सैकड़ों करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। खासकर मीरापुर विधानसभा क्षेत्र को इससे सबसे ज्यादा लाभ मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर वही स्थान है, जो 10 साल पहले दंगों की आग में झुलसता था। आज ये दंगामुक्त हो चुका है और यहां धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकलती है। सीएम ने कहा कि यहां की नई पहचान विकास, सुरक्षा, नौजवानों को काम, सरकारी नौकरी के रूप में बन रही है। 

चीनी मिल का होगा विस्तारीकरण... 


मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार मवाना चीनी मिल का विस्तारीकरण कराने जा रही है। इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर सरकार आगे बढ़ रही। उन्होंने कहा कि बहुत कम क्षेत्र को पौराणिक स्थलों से जुड़ने का सौभाग्य मिलता है। यहां शुकतीर्थ को मां गंगा की धारा से जोड़ने का कार्य हुआ है। आज यहां के गुड़ की मिठास पूरी दुनिया में फैल रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की ताकत बन चुका है। 

विपक्ष पर निशाना- क्या हुआ एक लाख के बॉन्ड का...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुजफ्फरनगर में वृहद रोज़गार मेले में आए हुए प्रतिभागी छात्रों से स्टालों पर वार्तालाप एवं निरीक्षण करते हुए


सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन लोगों से पूछा जाना चाहिए कि उनके उस बॉन्ड का क्या हुआ, जिसमें एक लाख रूपए देने के लिए भरवाया गया था। मुख्यमंत्री ने सपा मुखिया को लेकर कहा कि उनके लोग प्रदेश की बेटियों के साथ दुष्कर्म करते हैं और वह दुष्कर्मियों के साथ खड़े रहते हैं। सीएम योगी ने इसे सपा का मॉडल बताया। सीएम ने आश्वस्त किया कि बेटियों की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ करेगा तो अगले चौराहे पर उसका इंतजार यमराज करते मिलेंगे। 

देश के लिए मेडल जीतो, देंगे सरकारी नौकरी...


मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर के 38 मार्गों के लिए यहां के विधायकगणों ने प्रस्ताव दिया है। यहां मिनी स्टेडियम का शिलान्यास किया गया है। हमारी सरकार ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड लाने वाली यूपी की बेटी पारुल चौधरी को डिप्टी एसपी की सीधी नौकरी दी है। प्रदेश के युवाओं की खेल प्रतिभा को आकार देने के लिए मेरठ में प्रदेश का पहले स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण हो रहा हैं। जब ये बनकर तैयार होगा तो यहां का नौजवान ओलम्पिक में गोल्ड और सिल्वर लेकर आएगा। सीएम ने कहा कि हमने प्रदेश के 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है और जो भी नौजवान देश के लिए मेडल जीतेगा, यूपी में सरकारी नौकरी उसका इंतजार कर रही होगी। 

कुछ लोग देश को दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं...


मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यूपी में कोई आना नहीं चाहता था। यहां से लोग भागते थे, कैराना से पलायन हो रहा था। आज यहां से उद्योग भागते नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। सहारनपुर और जेवर में एयरपोर्ट बन रहा है। हाईवे का नेटवर्क सुदृढ़ हो रहा है। ये वर्तमान को बेहतर भविष्य देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बांटने का काम कर रहे हैं। देश को दंगों की आग में फिर से झोंकने का काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें - अयोध्या सामूहिक दुष्कर्म मामला: आरोपी के मल्टी कॉम्प्लेक्स पर चला योगी सरकार का बुलडोजर

मगर हमें किसी भी दंगाई को सिर उठाने का अवसर नहीं देना है। जो जाति के नामपर बांटकर अराजकता फैलाना चाहते हैं। जो बेटी की सुरक्षा पर खतरा आने पर दुष्कर्मियों के साथ खड़े होते हों। ऐसे लोगों को हमें आगे नहीं बढ़ने देना है। देश में युवा, गरीब, महिला और अन्नदाता यही चार जातियां हैं। इनकी आकांक्षाओं, अपेक्षाओं को नई उड़ान देना ही हमारी सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल कुमार, कपिल देव अग्रवाल, सोमेन्द्र तोमर, केपी मलिक, बीजेपी क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसोदिया, एमएलसी मोहित बेनीवाल, सांसद चंदन चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, रालोद नेता राजपाल बालियान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें - यूपी: 13 IAS अफसरों का हुआ ट्रांसफर, प्रतीक्षारत चल रहे अरविंद सिंह को मिला अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement