Sambhal News: कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को बम-रॉकेट लॉन्चर से उड़ाने की धमकी, बोले- हत्या हो जाए तो भी नहीं रुकेगा निर्माण
सम्भल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा, यूपी-पंजाब पुलिस और गृह मंत्रालय को भेजा धमकी भरा ऑडियो; बोले- कल्कि धाम में
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा, यूपी-पंजाब पुलिस और गृह मंत्रालय को भेजा धमकी भरा ऑडियो; बोले- कल्कि धाम में गुरु गोविंद सिंह जी की प्रतिमा स्थापित होकर रहेगी श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय और अनट्रेसेबल नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे थे। दो-तीन दिन पहले एक ऑडियो मैसेज के जरिए उन्हें बम से उड़ाने और रॉकेट लॉन्चर से हमला करने की धमकी दी गई। आचार्य प्रमोद कृष्णम के मुताबिक, धमकी देने वाले ने अपना नाम कुलवीर सिंह सिद्धू बताया है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि धमकी भरे ऑडियो और संबंधित नंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस, संभल के एसएसपी, पंजाब पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है। उन्होंने ऑडियो की ट्रांसक्रिप्ट भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई है। आचार्य ने पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के हवाले से धमकी देने वाले को बब्बर खालसा से जुड़ा बताया, हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कुछ ताकतें देश को बांटना चाहती हैं और हिंदू-सिखों के बीच अलगाव पैदा करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि श्री कल्कि धाम में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की प्रतिमा कल्कि धाम में स्थापित होकर रहेगी और निर्माण कार्य किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो कल्कि धाम का निर्माण नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने भारत सरकार से कल्कि धाम ट्रस्ट को अपने अधीन लेने की भी अपील की। आचार्य ने कहा कि वह अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे और कल्कि धाम में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का विग्रह स्थापित किया जाएगा।
Also Click : Drug Free Zone: नशे के खिलाफ यूपी सरकार का सख्त एक्शन, 500 मीटर दायरे में बनेगा ‘ड्रग फ्री जोन’
What's Your Reaction?