Sambhal News: सम्भल में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का खेल! अस्पताल के दस्तावेज में काट-छांट कर बदली तारीख, FIR के आदेश

सिटी मजिस्ट्रेट की जांच में खुली पोल, एक मामले में जालसाजी की पुष्टि; नगर पालिका के कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी

By INA News Desk
Sep 25, 2026 - 17:08
7 Views
Sambhal News: सम्भल में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का खेल! अस्पताल के दस्तावेज में काट-छांट कर बदली तारीख, FIR के आदेश
सुधीर कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सम्भल

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। अस्पताल के दस्तावेज में काट-छांट कर जन्म का महीना बदलने और अलग-अलग दस्तावेजों में बच्चे की जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज होने के मामले में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। एक मामले में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए जा रहे हैं, जबकि तीन से चार अन्य मामलों में नगरपालिका कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण अधिनियम 1969 की धारा 13(3) के तहत एक वर्ष से अधिक पुराने जन्म-मृत्यु पंजीकरण के मामलों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। जिलाधिकारी द्वारा उन्हें तहसील सम्भल के लिए अधिकृत किए जाने के बाद इन प्रकरणों की जांच की गई। जांच में एक अस्पताल के दस्तावेज में ओवरराइटिंग कर अप्रैल को मई और 4 तारीख को 5 किए जाने का मामला सामने आया। इस प्रकरण में अधिशासी अधिकारी को एफआईआर दर्ज कराने के लिए आदेश भेजा जा रहा है। वहीं, एक बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े मामले में नगरपालिका की रिपोर्ट, सभासद की रिपोर्ट और गवाहों के शपथ पत्र में अलग-अलग जन्मतिथियां और वर्ष दर्ज पाए गए। इससे दस्तावेजों की सत्यता पर सवाल खड़े हुए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि एक अन्य मामले में आवेदक को वर्ष 2025 में ही जन्म प्रमाण पत्र मिल चुका था, इसके बावजूद नगरपालिका ने वर्ष 2026 में दोबारा जांच के लिए प्रकरण भेज दिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

Also Read- यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: ग्रेटर नोएडा में चमकेगा ब्रज की महिलाओं का हुनर, कांच और ज्वेलरी को वैश्विक बाजार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow