Sambhal News: फिरोज खां ने DM-SP से की FIR की मांग, बोले- एक ही पक्ष के लोग क्यों जाएंगे जेल?
सम्भल का माहौल खराब करने वालों पर हो कार्रवाई', भाजपा नेता के बयान पर फिरोज खां का पलटवार, डीएम-एसपी को सौंपा पत्र
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में मंदिर-मस्जिद को लेकर भाजपा नेता राजेश सिंघल के बयान के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। शहर का माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के नेता फिरोज खां ने जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी से मुलाकात कर विवादित बयान देने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिरोज खां ने कहा कि सम्भल में पूरी तरह शांति है और हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच प्यार-मोहब्बत और भाईचारा कायम है। ऐसे में मंचों से मंदिर-मस्जिद का मुद्दा उठाकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक ही पक्ष के लोगों पर कार्रवाई क्यों होती है और एक ही पक्ष के लोगों को बदनाम क्यों किया जाता है? सपा नेता ने भाजपा नेता के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि सम्भल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन, शासन और सम्भल की आवाम ने प्रयास किए हैं। ऐसे बयानों से माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि माहौल खराब करने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिरोज खां ने धार्मिक आयोजनों में भाईचारे की मिसाल देते हुए कहा कि अगर कांवड़ यात्रा के दौरान फूल बरसाए जाते हैं तो ईद पर नमाज पढ़ने वालों पर भी फूल बरसने चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद ऐसा किया है और धार्मिक सद्भाव बनाए रखना जरूरी है। फिरोज खां ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सम्भल पर कब्जा करने, लोगों को बांटने और धार्मिक भावनाएं भड़काकर राजनीतिक कामयाबी हासिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी। सपा नेता ने प्रशासन से सम्भल की अमन-चैन की फिजा बरकरार रखने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।
Also Read- BRICS Summit: 3 दिन में 15 द्विपक्षीय बैठकें, पीएम मोदी के कूटनीतिक एजेंडे में छाया रहा ग्लोबल साउथ
What's Your Reaction?