Sitapur News: भागवत महाकुंभ की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
कालीपीठ, नैमिषारण्य धाम में आगामी 27 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले दिव्य भागवत महाकुंभ को लेकर
रिपोर्ट:- सुरेंद्र मोठी
नैमिषारण्य/सीतापुर: कालीपीठ, नैमिषारण्य धाम में आगामी 27 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले दिव्य भागवत महाकुंभ को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आयोजन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया गया कि इस भव्य धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से करीब 5,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। कालीपीठ परिवार की ओर से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि उनके सहयोग, मार्गदर्शन और व्यवस्थाओं को लेकर दिए जा रहे दिशा-निर्देशों से इस दिव्य धार्मिक आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।
What's Your Reaction?