Sitapur News: नैमिषारण्य में होटल संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा के सख्त निर्देश 

 एसडीएम व सीओ ने पहचान सत्यापन, पारदर्शिता और ठगी पर प्रभावी रोक के दिए निर्देश — लापरवाही पर होगी कार्रवाई 

By INA News Desk
Sep 24, 2026 - 13:21
8 Views
Sitapur News: नैमिषारण्य में होटल संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा के सख्त निर्देश 

 रिपोर्ट: सुरेंद्र मोठी 

सीतापुर/नैमिषारण्य।  विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल नैमिषारण्य में देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार देर शाम जेपी होटल में क्षेत्र के होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में एसडीएम दीपक गुप्ता एवं सीओ मिश्रिख विशाल गुप्ता ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा, पहचान सत्यापन तथा ठहरने संबंधी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक यात्री एवं श्रद्धालु की पहचान सुनिश्चित करते हुए वैध पहचान पत्र के आधार पर आवश्यक विवरण होटल रजिस्टर में दर्ज किया जाए। होटल संचालक यह भी सुनिश्चित करें कि दर्ज की गई जानकारी सही एवं पूर्ण हो तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराए जा सकें। बैठक में तीर्थयात्रियों के साथ ठगी, अनुचित व्यवहार अथवा किसी प्रकार की असुविधा की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों से यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई। 

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन न करने अथवा यात्रियों से संबंधित शिकायतों की पुष्टि होने पर संबंधित होटल या गेस्ट हाउस संचालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने होटल संचालकों से यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया, ताकि नैमिषारण्य आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

Also Read- Mayawati Action on Akash Anand: ससुर अशोक सिद्धार्थ के संन्यास के बाद मायावती का बड़ा एक्शन, आकाश आनंद को बसपा से किया 'मुक्त'

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow