Hardoi News: हरदोई के निखिल सिंह ने रचा नया इतिहास, CBSE नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप में पहली बार बने रेफरी
जिले की नई बस्ती निवासी निखिल सिंह ने फेंसिंग के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रमाणित फेंसिंग कोच
हरदोई। जिले की नई बस्ती निवासी निखिल सिंह ने फेंसिंग के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रमाणित फेंसिंग कोच बनने के बाद अब उन्हें पहली बार CBSE National Fencing Championship 2026-27 में रेफरी के रूप में नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार निखिल सिंह को CBSE School National 2026-27 के लिए तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियुक्ति सूची में उनका नाम Men’s Epee Referee, NTO (National Technical Official) के रूप में दर्ज है। वह इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक Delhi Public School, Rudrapur, Uttarakhand में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली फेंसिंग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। निखिल सिंह को प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेफरी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कोच से रेफरी तक का सफर
निखिल सिंह की यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम और फेंसिंग के प्रति समर्पण का परिणाम है। वर्ष 2025 में उनका चयन Post Graduate Diploma in Sports Coaching (Fencing) के लिए देश के प्रतिष्ठित NSNIS, Patiala में हुआ था। वर्ष 2026 में प्रशिक्षण और परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उन्होंने प्रमाणित फेंसिंग कोच की योग्यता हासिल की। कोच बनने के बाद इसी वर्ष राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में नियुक्ति मिलना उनके खेल अनुभव और तकनीकी दक्षता में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
खेल जगत ने दी बधाई
निखिल सिंह की उपलब्धि पर पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना, वर्तमान जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा, फेंसिंग खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और उनके शुभचिंतकों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निखिल सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, प्रशिक्षकों और फेंसिंग से जुड़े सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हरदोई में फेंसिंग खेल को और मजबूत करना तथा युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
नई बस्ती से राष्ट्रीय फेंसिंग मंच तक निखिल सिंह का सफर जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का संदेश है। खिलाड़ी से प्रमाणित कोच और अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता के रेफरी तक का उनका सफर खेल के प्रति निरंतर मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।
What's Your Reaction?