सफेद संगमरमर से निर्मित होंगी राम दरबार की सभी मूर्तियां

By INA News Desk
Jun 4, 2024 - 17:25  · Updated: Jun 5, 2024 - 15:25
74 Views
सफेद संगमरमर से निर्मित होंगी राम दरबार की सभी मूर्तियां

अयोध्या। राममंदिर में प्रथम तल पर स्थापित होने वाले रामदरबार की सभी मूर्तियां सफेद संगमरमर से निर्मित होंगी। राम दरबार में राजा राम सहित माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुहन व हनुमान जी की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। राम दरबार की स्थापना का काम दिसंबर के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।

राममंदिर निर्माण समिति की बैठक राम जन्मभूमि परिसर में शुरू हुई। बैठक से पहले नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामदरबार, सप्त मंडपम व परकोटे में बनने वाले मंदिरों की मूर्तियां संगमरमर की होंगी। संगमरमर राजस्थान के मकराना से आएंगे। जयपुर के कारीगर मूर्तियों का निर्माण करेंगे। बताया कि सप्त मंडपम में सात मंदिर बनने हैं। इनके निर्माण का कार्य अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। परकोटे के मंदिर की मूर्तियां भी संगमरमर की बनेंगी। परकोटे में भी छह मंदिर बनने हैं। हालांकि परकोटे में बन रहे शिवमंदिर की मूर्ति अलग पत्थर से बनेगी। पत्थर का चयन किया जा रहा है।

नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि शेषावतार मंदिर की आधारशिला में बदलाव किया जाएगा। परीक्षण में पाया गया है कि इसकी आधारशिला करीब 25 साल पुरानी है, इसलिए मंदिर की नई आधारशिला तैयार की जाएगी, जो पत्थरों से निर्मित होगी। बताया कि राम मंदिर परिसर में ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए जुलाई के प्रथम सप्ताह में फाउंडेशन का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। ऑडिटोरियम का कार्य 12 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। यहां संताें के विश्राम का स्थान भी बनाया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow