बलिया में त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, डीएम और एसपी ने फोर्स के साथ शहर में किया पैदल गश्त
बलिया में पर्वों के मद्देनजर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त। व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
Report - Syed Asif Hussain Zaidi
त्योहारी माहौल में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए बलिया जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। आम नागरिकों के भीतर सुरक्षा की भावना को मजबूत करने और उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा स्वयं दल-बल के साथ सड़कों पर उतरे।

अधिकारियों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और रामलीला मैदान में भारी पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध आवाजाही, लावारिस वस्तुओं और वाहनों की भी गहन जांच-पड़ताल की गई।

गश्त के दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने घनी और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया।

अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल निरंतर तैनात है।

प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी तरह की भ्रामक खबर अथवा अफवाह पर विश्वास न करें और कोई भी संदेहास्पद गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस महकमे को सूचित करें।

पैदल गश्त के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली क्षेत्र स्थित ओकडेनगंज पुलिस चौकी का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने चौकी परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, बैरक की व्यवस्था और मेस में स्वच्छता के स्तर की बारीकी से जांच की।

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निरंतर सतर्क रहने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और जनता से शालीन व्यवहार करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

इस व्यापक सुरक्षा अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
What's Your Reaction?



