बलिया में दुर्गा पूजा और विजयादशमी को लेकर पुलिस हाई अलर्ट, शहर में निकला फ्लैग मार्च और रूट डायवर्जन लागू
बलिया में दुर्गा पूजा और विजयादशमी पर पुलिस का कड़ा पहरा। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, पंडालों की सुरक्षा और तीन दिनों के लिए रूट डायवर्ट।
Report : Syed Asif Hussain Zaidi
त्योहारी माहौल में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलिया जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। दुर्गा पूजा और विजयादशमी के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने नगर के मुख्य बाजारों, चौराहों और पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यापक फ्लैग मार्च किया। पुलिस के इस पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास जगाना और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश देना रहा।

जनपद भर में कुल 657 स्थानों पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनके विसर्जन की प्रक्रिया को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का विशेष खाका तैयार किया गया है। विसर्जन जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए विशेष यातायात योजना लागू की गई है। इसके तहत फेफना, बैरिया और गड़वार मार्गों पर रात बारह बजे से सुबह आठ बजे तक तीन दिनों के लिए वाहनों का आवागमन परिवर्तित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडालों और भीड़ वाले स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों के साथ सादे कपड़ों में पुलिस जवानों की विशेष तैनाती की गई है। शोहदों और असमाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए एंटी रोमियो दस्ता लगातार गश्त कर रहा है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन चौराहे सहित प्रमुख नाकों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जहां तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर फर्राटा भरने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?



