बलिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने परखी व्यवस्थाएं, 17 दंपतियों में सुलह
बलिया दीवानी न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत और मध्यस्थता अभियान 3.0 का शुभारंभ हुआ। प्रशासनिक न्यायमूर्ति गौतम चौधरी की उपस्थिति में 17 दंपतियों में सुलह हुई।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया। मुकदमों के त्वरित, सुलभ और शांतिपूर्ण निस्तारण के लिए दीवानी न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत के साथ विशेष राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह विशेष मध्यस्थता अभियान वर्ष के अंत तक निरंतर संचालित रहेगा। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एवं जनपद के प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी ने सेंट्रल हॉल में आयोजित भव्य समारोह में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर जिला जज अनिल कुमार झा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेष पांडेय, जिलाधिकारी मंगलाप्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित सभी वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन संबोधन में प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी ने कहा कि मध्यस्थता और लोक अदालत का मूल भाव पक्षकारों को लंबी, खर्चीली और तनावपूर्ण अदालती प्रक्रियाओं से मुक्ति दिलाना है। आपसी बातचीत और सहमति से होने वाले समझौतों से दोनों पक्षों के संबंध मधुर बने रहते हैं और समय की बचत होती है। जिला जज अनिल कुमार झा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में पारिवारिक झगड़ों, दीवानी मुकदमों, मोटर दुर्घटना दावा याचिकाओं और बैंक ऋण मामलों को प्राथमिकता पर मध्यस्थता के जरिए सुलझाया जा रहा है। लोक अदालत की पीठों के विशेष प्रयासों से परिवार न्यायालय के माध्यम से 17 अलग रह रहे दंपतियों ने अपने पुराने मतभेद भुलाकर फिर से दांपत्य जीवन शुरू करने का फैसला लिया।
समारोह के उपरांत प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने न्यायालय परिसर में स्थापित विभिन्न लोक अदालत पीठों और प्रदर्शनी शिविरों का सघन निरीक्षण किया। एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत लगाए गए स्थानीय स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने बलिया के पारंपरिक सत्तू और टिकुली (बिंदी) का अवलोकन किया तथा उत्पाद खरीदकर स्थानीय दस्तकारों का उत्साहवर्धन किया। संवाद के दौरान विक्रेताओं ने बताया कि यहां निर्मित बिंदी और सत्तू अपनी विशिष्ट गुणवत्ता के चलते देश भर के बाजारों में भेजे जाते हैं। आयोजन के समापन पर विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायाधीश चंद्र प्रकाश तिवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे सभी न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक तंत्र और अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताया।
What's Your Reaction?







