हरदोई में गौ-विज्ञान सामान्य ज्ञान परीक्षा संपन्न, डाल सिंह मेमोरियल स्कूल के बच्चों ने दिखाया उत्साह
हरदोई के डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में गौ-विज्ञान सामान्य ज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और गौसेवा से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
हरदोई। मंगलीपुरवा फाटक स्थित डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में गौ-विज्ञान सामान्य ज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष परीक्षा में पंजीकृत छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ प्रतिभाग किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय सनातन परंपरा, गौवंश के वैज्ञानिक व पारंपरिक महत्व और गौसेवा की उपयोगिता के प्रति जागरूक करना रहा।
यह प्रतियोगिता अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यालय प्रमुख विपेंद्र सिंह चौहान की देखरेख में संपन्न कराई गई। विद्यालय के प्रबंधक मुकेश सिंह और प्रधानाचार्या भूमिका सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्नों को रुचिपूर्वक हल किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं से बच्चों में आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों का भी समुचित विकास होता है।
परीक्षा के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं कोमल यादव, कविता गुप्ता, प्रज्ञा द्विवेदी, विनीता त्रिवेदी, अभिनव सिंह और आयुष यादव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा में सम्मिलित हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?







