राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलीं बुलंदशहर की बेटियां, रक्षाबंधन पर मिला गौरवपूर्ण अवसर
बुलंदशहर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की पांच छात्राओं और खेल शिक्षिका ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर गौरव बढ़ाया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की पांच मेधावी छात्राओं और एक खेल शिक्षिका ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। देशभर के चयनित 20 प्रमुख विद्यालयों में उत्तर प्रदेश से केवल बुलंदशहर के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को इस विशेष अवसर के लिए चुना गया था। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में हुई इस मुलाकात ने ग्रामीण और सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाली इन छात्राओं के आत्मविश्वास और हौसले को नई मजबूती दी है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह ने चयनित छात्राओं तमन्ना, प्रियांशी, प्राची, सोनी, चेतना और खेल शिक्षिका मिली अस्थाना को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनके भीतर नेतृत्व क्षमता और स्वावलंबन विकसित करने के निरंतर प्रयास कर रही है। आवासीय बालिका विद्यालयों की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है।
अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों में सहभागिता से छात्राओं में सामाजिक समझ और नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं। स्कूल शिक्षा महानिदेशक कार्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत अनूपशहर से तमन्ना, लखावटी से प्रियांशी, बुलंदशहर नगर से प्राची व सोनी और गुलावठी से चेतना का चयन किया गया था। दल का नेतृत्व बुलंदशहर ग्रामीण विद्यालय की खेल शिक्षिका मिली अस्थाना ने किया।
जिलाधिकारी कुमार हर्ष, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह और बालिका शिक्षा जिला समन्वयक ऋचा राणा ने दल को आवश्यक सुविधाओं के साथ दिल्ली के लिए रवाना किया था। राष्ट्रपति भवन भ्रमण और राष्ट्रपति से संवाद के इस अनुभव ने इन छात्राओं के शैक्षिक जीवन को नई दिशा दी है, जो प्रदेश भर की अन्य बालिकाओं के लिए भी आगे बढ़ने की प्रेरणा बनेगा।
What's Your Reaction?







