सीएम योगी करेंगे पीएम पोषण रसोइयों को सम्मानित, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और किट का मिलेगा उपहार

लखनऊ में पीएम पोषण योजना के रसोइयों का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैशलेस चिकित्सा कार्ड और विशेष किट वितरित करेंगे।

Aug 22, 2026 - 21:37
2 Views
सीएम योगी करेंगे पीएम पोषण रसोइयों को सम्मानित, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और किट का मिलेगा उपहार

उत्तर प्रदेश के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कम्पोजिट विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन पौष्टिक भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के श्रम और समर्पण को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में आयोजित होने वाले भव्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रसोइयों को सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से पंद्रह सौ रसोइए प्रतिभाग करेंगे, जिनमें से ग्यारह रसोइयों को मुख्यमंत्री स्वयं मंच पर सम्मानित कर कैशलेस चिकित्सा कार्ड और विशेष किट प्रदान करेंगे।

राज्य स्तरीय आयोजन के साथ ही पूरे प्रदेश के सभी जनपदों और तहसील स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। सांसद, मंत्री, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष स्थानीय स्तर पर रसोइयों को सम्मानित कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेंगे। स्कूल शिक्षा महानिदेशक एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि रसोइयों के अभूतपूर्व योगदान को व्यापक सामाजिक पहचान मिल सके।

रसोइयों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सरकार उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन किट भी उपलब्ध करा रही है। साथ ही पारदर्शी भुगतान के लिए बैंक और डिजिटल क्यूआर कोड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। समारोह के दौरान पीएम पोषण योजना की उपलब्धियों और रसोइयों के सेवाभाव को दर्शाने वाली लघु फिल्म और विशेष विवरण पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइए बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संबल के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है। तहसील से लेकर प्रदेश स्तर तक आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह से लाखों रसोइयों का मनोबल बढ़ेगा और समाज में उनके कार्य को विशेष प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।

Also Click : Hardoi News: सवायजपुर के शेखपुर में ₹26.89 करोड़ से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, मिली वित्तीय मंजूरी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow