Hardoi: सीडीओ का बावन ब्लॉक में एक्शन, निरीक्षण में मिली खामियों पर सख्त चेतावनी; एक सप्ताह में रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश 

मुख्य विकास अधिकारी ने आज निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड बावन के अंतर्गत अस्थायी गौ आश्रय स्थल बावन,

Jul 15, 2026 - 18:45
40 Views
Hardoi: सीडीओ का बावन ब्लॉक में एक्शन, निरीक्षण में मिली खामियों पर सख्त चेतावनी; एक सप्ताह में रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश 
सीडीओ का बावन ब्लॉक में एक्शन, निरीक्षण में मिली खामियों पर सख्त चेतावनी; एक सप्ताह में रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश 

हरदोई: मुख्य विकास अधिकारी ने आज निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड बावन के अंतर्गत अस्थायी गौ आश्रय स्थल बावन, पशु चिकित्सालय बावन, कूड़ा-कचरा अपशिष्ट प्रबंधन (आरआरसी) केंद्र तथा विकासखंड कार्यालय बावन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्थायी गौ आश्रय स्थल बावन का रखरखाव उत्कृष्ट श्रेणी का पाया गया। परिसर में स्थापित आनंद बायोगैस प्लांट के माध्यम से सरकारी प्रतिष्ठानों को विद्युत आपूर्ति की जा रही थी। साथ ही परिसर में आटा चक्की का भी संचालन किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत कूड़ा-कचरा अपशिष्ट प्रबंधन (आरआरसी) केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में तैयार वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय किया जाना तथा छंटाई किए गए कचरे का पृथक-पृथक वैज्ञानिक ढंग से भंडारण पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने आरआरसी सेंटर के संचालन को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पशु चिकित्सालय बावन के निरीक्षण के दौरान पशुओं के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारी को बीमार एवं घायल पशुओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने तथा चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

तत्पश्चात विकासखंड कार्यालय बावन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लॉक परिसर में स्थित जर्जर भवन को तत्काल निस्तारित कराने, परिसर की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, उपस्थिति पंजिका का प्रतिदिन निरीक्षण करने तथा अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्थापना पटल के अभिलेख अधूरे पाए जाने पर पटल सहायक श्री अतुल अवस्थी को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कठोर चेतावनी देते हुए एक सप्ताह के भीतर समस्त अभिलेख पूर्ण एवं अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयावधि में अभिलेख पूर्ण न होने की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विकास कार्यों, स्वच्छता, पशु संरक्षण एवं कार्यालयी व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, खंड विकास अधिकारी बावन डॉ. रामप्रकाश, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित सिंह सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Also Read- भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने पूर्व जिलाध्यक्षों का किया सम्मान, 2027 चुनावी रणनीति पर मंथन

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow