Hardoi: कक्षा 8 के विद्यार्थियों को नम आंखों से विदाई, मेधावी छात्र हुए सम्मानित।
उच्च प्राथमिक विद्यालय हरियावां में कक्षा 8 उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को परीक्षा फल वितरित करने के उपरांत भावपूर्ण विदाई समारोह
हरियावां। उच्च प्राथमिक विद्यालय हरियावां में कक्षा 8 उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को परीक्षा फल वितरित करने के उपरांत भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्रों ने मिलकर इस विशेष क्षण को यादगार बनाया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक पंकज कुमारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन सभी के लिए भावुक पल लेकर आता है। उन्होंने कहा कि छात्र अब अपने जीवन के एक नए चरण में प्रवेश करने जा रहे हैं, जहाँ उन्हें बड़ी जिम्मेदारियों का सामना करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को न केवल पढ़ाई करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व को विकसित होते हुए भी देखा है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री एवं ब्लाक अध्यक्ष आशीष दीक्षित ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को सीखने का स्थान भी होता है। यहाँ छात्रों ने दोस्ती, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे गुणों को विकसित किया है, जो उनके भविष्य में सहायक सिद्ध होंगे।
समारोह के दौरान कक्षा 8 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विशाल गुप्ता, द्वितीय स्थान पर हर्षित गुप्ता तथा तृतीय स्थान पर हिमांशु को पुरस्कृत किया गया। इसके उपरांत विद्यालय में अध्ययनरत अन्य छात्रों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम में शिक्षक सबिता एवं रविन्द्र कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Also Read- Hardoi: मिशन शक्ति के तहत सभी विभागों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जाये- अनुनय झा
What's Your Reaction?









