Lucknow: योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, यूपी रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 250 नई इलेक्ट्रिक बसें

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम

Aug 26, 2026 - 13:59
11 Views
Lucknow: योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, यूपी रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 250 नई इलेक्ट्रिक बसें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंत्रिपरिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के बस बेड़े के सुदृढ़ीकरण के लिए नई बसों की खरीद हेतु 40,000 लाख रुपये (400 करोड़ रुपये) के व्यय प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है।

इस योजना के तहत परिवहन निगम के लिए 250 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की खरीद प्रस्तावित है। इनमें 50 सीटर 100 एसी बसें (12 मीटर, 3×2 टाइप-II) तथा 41 सीटर 150 एसी बसें (12 मीटर, 2×2 टाइप-III) शामिल हैं।

नई बसों की खरीद पर कुल 425.50 करोड़ रुपये का वित्तीय व्यय संभावित है। इसमें सरकार द्वारा 400 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि शेष 25.50 करोड़ रुपये का खर्च उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अपने स्वयं के संसाधनों से वहन करेगा।

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के निर्देशों में भी मददगार

एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सीएक्यूएम के निर्देशों के अनुसार 1 नवंबर 2026 से दिल्ली में केवल सीएनजी, इलेक्ट्रिक और बीएस-6 वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद से इन दिशा-निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन में भी मदद मिलेगी।

धार्मिक और पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों को प्रदूषण रहित, आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे

बस बेड़े के विस्तार से न केवल परिवहन सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि चालक, परिचालक, तकनीकी एवं रख-रखाव से जुड़े कुशल और अकुशल कर्मियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसके साथ ही बस संचालन से जुड़े ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में भी रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरकार के इस निर्णय से उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Also Read- Rajasthan School News: सीजेपी के अभियान का बड़ा असर, राजस्थान शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के सुधार के लिए जारी किया अहम आदेश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow