Sambhal: शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं से गूंजा सम्भल

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर मदरसा अहले सुन्नत अजमल उल उलूम के तत्वावधान में जुलूस-ए-मौहम्मदी शानो-शौकत,

Aug 26, 2026 - 14:17
28 Views
Sambhal: शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं से गूंजा सम्भल

उवैस दानिश, सम्भल

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर मदरसा अहले सुन्नत अजमल उल उलूम के तत्वावधान में जुलूस-ए-मौहम्मदी शानो-शौकत, अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरा शहर ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं, नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में अकीदतमंद हाथों में इस्लामी झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए।

जुलूस मदरसे से शुरू होकर अन्जुमन मदरसा, मौहल्ला दीपा सराय, तिलंगो वाली मस्जिद और पेपटपुरा होते हुए दीपा सराय चौक पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ और तकरीर का आयोजन किया गया। चमन सराय-जगत से निकला जुलूस मियां मीरन शाह रोड, दरीबा और आर्य समाज रोड होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। वहीं देहली दरवाजा से निकला जुलूस मुख्य बाजार, चक्की का पाट, टंडन तिराहा, कोतवाली के सामने और आर्य समाज रोड से मुख्य जुलूस में पहुंचा। मौहल्ला रायसत्ती से निकला जुलूस बल्ले की पुलिया होते हुए खग्गू सराय तिराहा पहुंचा, जबकि डेरासराय से निकला जुलूस होली चौक, कटरा बाजार, एजेंटी तिराहा और आर्य समाज रोड होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। इसके अलावा विभिन्न मौहल्लों और गांवों से निकले छोटे-छोटे जुलूस भी मुख्य जुलूस का हिस्सा बने। जुलूस में विभिन्न नक्शे और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने सोशल मीडिया की बढ़ती लत से दूर रहकर कुरआन मजीद से जुड़ने का संदेश देने वाला नक्शा प्रस्तुत किया। रास्ते भर जगह-जगह लंगर और पानी की व्यवस्था की गई। लोगों ने फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों की खिदमत की। दीपा सराय चौक पर जुलूस संपन्न होने के बाद लोगों को तबर्रुकात की जियारत कराई गई। इस दौरान मुल्क और शहर में अमन-ओ-अमान की दुआ की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जुलूस के मार्ग पर सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, सीओ पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात रहे और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

Also Read- Raebareli: रायबरेली में सीएम योगी ने 21 करोड़ की लागत से बने स्मृति सभागार का किया लोकार्पण, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow