Lucknow: लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, विशेष बसों को दिखाएंगे हरी झंडी
मातृशक्ति के सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए योगी सरकार बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी सौगात
- मातृशक्ति को सम्मान, योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की मिलेगी सुविधा
- किसानों की आय बढ़ाने को डिजिटल तकनीक से जुड़ेगा कृषि क्षेत्र, उत्पादकता बढ़ाने पर जोर
- मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यूपी-एग्रीज के तहत कई कंपनियों के साथ होंगे एमओयू
लखनऊ। मातृशक्ति के सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए योगी सरकार बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विशेष बसों को फ्लैग ऑफ करेंगे।
कार्यक्रम में प्रतिभागी महिलाओं को फल, मिठाई और साड़ी भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा। इस दौरान यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत तमाम नेतागण मौजूद रहेंगे।
डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए होंगे एमओयू
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश के 21 और बुंदेलखंड के 7 जिलों में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और अन्नदाताओं की आय में वृद्धि के लिए विशेष कार्यक्रम होगा। विश्व बैंक वित्तपोषित यूपी-एग्रीज परियोजना के तहत कृषि क्षेत्र को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए जाएंगे। इससे किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर कृषि सेवाओं और एकीकृत डिजिटल मंच का लाभ मिलने की दिशा में कदम बढ़ेगा।
What's Your Reaction?







