UP Cabinet: यूपी में 3 औद्योगिक इकाइयों को निवेश प्रोत्साहन, सुलतानपुर में 2,722 करोड़ की औद्योगिक परियोजना मंजूर
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में मंत्रिपरिषद ने महत्वपूर्ण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में मंत्रिपरिषद ने महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मंत्रिपरिषद ने एफडीआई, एफसीआई, फॉर्च्यून ग्लोबल 500 एवं फॉर्च्यून इंडिया 500 निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत तीन औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किए जाने की संस्तुति को मंजूरी प्रदान की है।
इम्पावर्ड कमेटी की 19 दिसंबर 2025 और 7 फरवरी 2026 को हुई बैठकों में तीन औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी करने की संस्तुति की गई थी। इसके तहत बिजनौर की मेसर्स एग्रिस्टो मासा प्रा. लि. को एफडीआई/एफसीआई श्रेणी में 794.27 करोड़ रुपये, उन्नाव की मेसर्स कैनपैक इंडिया प्रा. लि. को 1,573.62 करोड़ रुपये तथा फॉर्च्यून इंडिया 500 श्रेणी में कानपुर देहात की मेसर्स सुप्रीम इंडस्ट्रीज लि. को 238.15 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किए जाने को मंजूरी मिली है। इन तीनों प्रस्तावित निवेशों से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
सुलतानपुर में 2,722.53 करोड़ रुपये से बनेगा इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर
मंत्रिपरिषद ने इंडस्ट्रियल कॉरिडोर योजना के तहत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप जनपद सुलतानपुर में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर्स (आईएमएलसी) की स्थापना के लिए अवस्थापना विकास कार्यों को ईपीसी मोड पर कराने हेतु 27,225.33 लाख रुपये यानी करीब 2,722.53 करोड़ रुपये की धनराशि को मंजूरी प्रदान की है। निर्णय के बाद निर्माणकर्ता के चयन के लिए ग्लोबल बिड आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ईपीसी मोड में परियोजना का निर्माण कराए जाने से इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
सुलतानपुर में औद्योगिक क्लस्टर विकसित होने से क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ने के साथ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है। परियोजना से सुलतानपुर के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?







