वैश्विक खेल प्रशासन में भारत का डंका, ISF कार्यकारिणी में चुने गए SGFI अध्यक्ष दीपक कुमार
SGFI अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन की कार्यकारिणी के सदस्य चुने गए हैं। भारत के लिए बड़ी उपलब्धि।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय स्कूली खेलों के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता सामने आई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार को इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएफ) की कार्यकारिणी का सदस्य चुना गया है। सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में आयोजित आईएसएफ की महासभा के दौरान हुए चुनाव में उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इस चुनाव से वैश्विक खेल प्रशासन और नीतियों के निर्धारण में भारत का प्रभाव और मजबूत होगा।
आईएसएफ दुनिया भर में स्कूली खेलों का संचालन करने वाली सर्वोच्च संस्था है। इसकी कार्यकारिणी में जगह मिलने से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्कूली खेलों से जुड़ी नीतियों, नई प्रतियोगिताओं और खेल विकास से जुड़े कार्यक्रमों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में एसजीएफआई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही दीपक कुमार ने संगठन के कामकाज में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया। उनके कार्यकाल के दौरान ग्रामीण व सुदूर इलाकों की उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ खेलों में आधुनिक तकनीक और खेल विज्ञान के प्रयोग को तेजी से बढ़ावा दिया गया है।
Also Click : यूपी में दिव्यांगजनों को दुकानों के आवंटन में मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण, राज्य सलाहकार बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले
What's Your Reaction?




