Sambhal News: बेकाबू डंपर ने उखाड़े बिजली के 4 खंभे, बाल-बाल बचे ग्रामीण, कई गांवों में छाया अंधेरा

Sambhal News: सम्भल के हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में अनियंत्रित डंपर ने 4 बिजली के खंभे तोड़ दिए। ग्रामीणों ने भागकर जान बचाई, क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हुई।

By INA News Desk
Jul 22, 2026 - 23:02
35 Views
Sambhal News: बेकाबू डंपर ने उखाड़े बिजली के 4 खंभे, बाल-बाल बचे ग्रामीण, कई गांवों में छाया अंधेरा
Sambhal News: बेकाबू डंपर ने उखाड़े बिजली के 4 खंभे, बाल-बाल बचे ग्रामीण, कई गांवों में छाया अंधेरा

Report : उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े डंपरों की बेलगाम रफ्तार एक बार फिर लोगों के लिए खतरा बन गई। महमूदपुर मालिनी मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक बिना नंबर के डंपर का अचानक संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू डंपर सड़क पर लहराता हुआ दौड़ा तो मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए खेतों की ओर भाग खड़े हुए।

डंपर की टक्कर से सड़क किनारे लगे चार बिजली के खंभे धराशायी हो गए और विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम और हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बेकाबू डंपर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया, जबकि बिजली विभाग ने क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर दुर्गपाल ने बताया कि यह मिठौली लाइन है और डंपर की टक्कर से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि चार बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं।

डंपर किसका है, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है और वाहन को पुलिस थाने ले गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि डंपर किसी राहगीर या वाहन से टकरा जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े डंपर दिन-रात बेखौफ दौड़ रहे हैं और उन पर प्रभावशाली लोगों का संरक्षण होने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Also Click : यूपी में दिव्यांगजनों को दुकानों के आवंटन में मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण, राज्य सलाहकार बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow