Hathras News: हाथरस गेट पुलिस की बड़ी सफलता, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद
Hathras News: हाथरस गेट थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की एक बाइक और स्कूटी बरामद हुई है।
हाथरस जिले में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हाथरस गेट थाना पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गंदा नाला स्थित पुरानी मोर्चरी के समीप संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हसायन थाना क्षेत्र के भाड़ गांव निवासी मोहित को धर दबोचा। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली और पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर जांच की, तो बिना नंबर प्लेट की एक हीरो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों से वाहन चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था। वह इन वाहनों को अनजाने राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देता था और उससे मिलने वाले पैसों को अपने महंगे शौक पूरे करने में खर्च करता था। वह इन दोनों वाहनों को भी बेचने की फिराक में था। प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
Also Click : यूपी में दिव्यांगजनों को दुकानों के आवंटन में मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण, राज्य सलाहकार बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले
What's Your Reaction?




