Deoband News: मुखिया असलम खान बने सपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद इकबाल खां कादरी ने देवबंद के मोहल्ला पठानपुरा
देवबंद। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद इकबाल खां कादरी ने देवबंद के मोहल्ला पठानपुरा निवासी मुखिया असलम खान को संगठन का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। नियुक्ति की खबर मिलते ही देवबंद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने मुखिया असलम खान का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति देवबंद के लिए गर्व की बात है।
मुखिया असलम खान इससे पूर्व प्रदेश, जनपद और नगर स्तर पर संगठन में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पार्टी के लिए लंबे समय से सक्रिय रूप से काम कर रहे असलम खान को एक मेहनती, ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने हमेशा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का काम किया है। पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि असलम खान की संगठन क्षमता और अल्पसंख्यक समाज में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- असलम खान ने जताया आभार
नियुक्ति पर मुखिया असलम खान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद इकबाल खां कादरी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करूंगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे और अल्पसंख्यक समाज के हक, शिक्षा, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से लड़ेंगे। संगठन को गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक मजबूत करने का काम किया जाएगा।
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने असलम खान को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
What's Your Reaction?

