Deoband : गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सभा में गुरमत सिखलाई कैंप का समापन, बच्चों को मिले उपहार
कैंप का संयोजन करने वाली दीपिका छाबड़ा ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से बच्चों को धार्मिक संस्कारों और गुरमत के सिद्धांतों से जोड़ने का सफल प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने कीर्तन, गुरबाणी और साखी सुनाने के साथ-साथ तबला और बाजा बजाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया
देवबंद के गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सभा में पिछले 15 दिनों से आयोजित किए जा रहे गुरमत सिखलाई कैंप का समापन हो गया। इस समापन अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कैंप में हिस्सा लेने वाले 25 बच्चों और उन्हें प्रशिक्षण देने वाले 7 गुरुजनों को सम्मानित किया गया।
रात के समय गुरुद्वारा साहिब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सेठ कुलदीप कुमार ने उपस्थित संगत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और इस प्रकार के आयोजनों से उन्हें अपने धर्म और संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। पंजाबी समाज के अध्यक्ष सतीश गिरधर ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि स्कूलों की छुट्टियों के समय लगने वाले ऐसे शिविर बच्चों का सही मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने हर साल इस तरह के उपयोगी कैंप आयोजित करने के लिए गुरुद्वारा कमेटी की सराहना की।
कैंप का संयोजन करने वाली दीपिका छाबड़ा ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से बच्चों को धार्मिक संस्कारों और गुरमत के सिद्धांतों से जोड़ने का सफल प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने कीर्तन, गुरबाणी और साखी सुनाने के साथ-साथ तबला और बाजा बजाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे सुनकर संगत निहाल हो गई। गुरुद्वारा कमेटी की तरफ से भाग लेने वाले सभी बच्चों को उपहार दिए गए, जबकि सिखाने वाले शिक्षकों को अभिनंदन पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन गुरजोत सिंह सेठी ने किया। इस दौरान राजन छाबड़ा, हर्ष भारती, बलवंत सिंह उप्पल, सचिन छाबडा, बलदीप सिंह, मोहित मल्होत्रा, अमन सेठी, विपिन नारंग, अमृत सिंह कपूर और सन्नी-मन्नी सेठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?




