Sambhal : NEET UG 2026: सम्भल के चारों परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई परीक्षा, 1735 अभ्यर्थियों ने आजमाई किस्मत
परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से किसी गड़बड़ी या तकनीकी व्यवधान की सूचना नहीं मिली। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और सुव्यवस्थित रखने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जनपद में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी)-2026 रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। जिले के चारों परीक्षा केन्द्रों बहजोई स्थित हीरा देवी तोताराम कन्या इंटर कॉलेज तथा चन्दौसी के एस.एम. इंटर कॉलेज, नानक चन्द्र आदर्श इंटर कॉलेज और चन्दौसी इंटर कॉलेज में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई।
सिटी कॉर्डिनेटर नीट (यूजी)-2026 एवं पीएम श्री नवोदय विद्यालय, गुन्नौर के उप प्रधानाचार्य राकेश कुमार दिवाकर ने बताया कि जनपद में कुल 1851 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 1735 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 116 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी समस्या सामने नहीं आई। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी केन्द्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
प्रवेश द्वारों पर सघन जांच, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा परीक्षार्थियों के लिए पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखी। परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू होकर तय समय पर सम्पन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान केन्द्रों पर अनुशासन और शांति का माहौल देखने को मिला। नीट-यूजी देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। परीक्षा सम्पन्न होने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत और परिणाम को लेकर उत्सुकता साफ दिखाई दी।
What's Your Reaction?




