Deoband News: जमीन की नपाई के दौरान दो पक्षों में पथराव-फायरिंग, एक की मौत
जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। पूर्व में दोनों पक्षों के लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया था। इसी को लेकर शुक्रवार को फिर से दोनों पक्षों...

संघर्ष में एक महिला समेत छह लोग घायल, गांधी कॉलोनी की घटना
By INA News Deoband.
देवबंद: गांधी कॉलोनी में विवादित जमीन की नपाई के दौरान तहसील की राजस्व टीम के सामने ही दो पक्षों में पथराव और फायरिंग हो गई। इसमें गोली लगने से शारिक (18) की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। नगर की गांधी कॉलोनी में यामीन और सलीम पक्ष के बीच कॉलोनी में स्थित करीब सात बीघा जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है।शुक्रवार की शाम करीब सवा तीन बजे तहसील की राजस्व विभाग की टीम मौके पर नपाई करने के लिए पहुंची थी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनमें पथराव-फायरिंग होने लगी। जिसके चलते तहसील की टीम ने भागकर जान बचाई। संघर्ष में सलीम का पुत्र शाकिर पेट में गोली लगने से घायल हो गया।
जबकि यामीन (65), सलीम (58), मोहल्ला लहसवाड़ा निवासी सलमान (20), नईम (25) और फिरोज (28) समेत छह लोग मारपीट और पथराव में घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते शाकिर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से कॉलोनी में पुलिस बल तैनात किया गया है।
- 27 दिसंबर को भी हुआ था विवाद
उक्त विवादित जमीन का बैनामा कराने को लेकर 27 दिसंबर को सलीम और यामीन पक्ष के लोगों के बीच रजिस्टार कार्यालय के बाहर भी जमकर मारपीट हो गई थी। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया था।मामले में दोनों पक्षों ने एसडीएम को दस्तावेज दिखाते हुए जांच कराने की मांग की थी। दोनों पक्षों की शिकायत बाद शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम भूमि की नपाई करने पहुंची थी।
- जांच को पहुंची फॉरेंसिक टीम, गोलियों के कई खोखे बरामद
गांधी कॉलोनी में जमीनी विवाद में हुई फायरिंग में युवक की मौत होने के मामले में शुक्रवार देर शाम सहारनपुर से फॉरेंसिक टीम जांच करने के लिए पहुंची।टीम को जांच के दौरान मौके से गोलियों के कई खोखे बरामद हुए। जिन्हें टीम साथ लेकर गई है। इसके अलावा भी टीम ने घटनास्थल से कई अन्य सबूत इकट्ठा किए हैं।
- बहन-भाईयों में सबसे छोटा था शाकिर
मृतक शाकिर मजदूरी करता था। तीन बहनों और भाईयों में सबसे छोटा शाकिर खुशमिजाज था और घर में सभी का दुलारा भी था। उसकी मौत से मां और बहनों को रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग बताते हैं कि शाकिर बेहद शांत स्वभाव का था। विवाद के बाद से गांधी कॉलोनी में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
- लंबे समय से चल रहा था विवाद, कराई जा रही है जांच: सीओ
जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। पूर्व में दोनों पक्षों के लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया था। इसी को लेकर शुक्रवार को फिर से दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसमें एक युवक की मौत हुई है। अभी किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। जांच कराई जा रही है।
- रविकांत पाराशर, सीओ, देवबंद।
What's Your Reaction?






