देवबंद में किशोर की संदिग्ध मौत: तीसरे दिन भी सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही पुलिस, विसरा किया गया सुरक्षित
देवबंद के कायस्थवाड़ा में 16 वर्षीय साहिल की संदिग्ध मौत मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विसरा सुरक्षित।
सहारनपुर जनपद के देवबंद अंतर्गत मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी 16 वर्षीय साहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। घटना के तीसरे दिन भी पुलिस की टीमों ने सच्चाई तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़कों और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, प्राथमिक जांच में सड़क के एक तरफ लगे कैमरों से पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। अब पुलिस प्रशासन सड़क के दूसरी ओर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटा है।
पूरा मामला देवबंद के कायस्थवाड़ा क्षेत्र का है, जहां साहिल की अचानक संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता साबिर ने थाने में शिकायती पत्र सौंपकर गंभीर आरोप लगाए थे। पिता का कहना है कि मोहल्ला गुज्जरवाड़ा के रहने वाले एक किन्नर और उसके कुछ साथियों ने उनके बेटे को जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी जान ली है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद चिकित्सकों ने मौत की सही वजह जानने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे विस्तृत जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
क्षेत्रीय क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस की एक विशेष टीम ने हाईवे तथा संबंधित मोहल्लों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की है। अब तक देखे गए कैमरों में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन अब दूसरे कोणों पर लगे कैमरों की फुटेज भी निकाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, विसरा रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, किशोर की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बनी हुई है और जल्द ही मामले का पूरा सच सामने लाने का दावा किया जा रहा है।
Also Click : Sambhal: सम्भल हातिम सराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की उठी मांग, विहिप बोला- 'हरिहर नगर' रखा जाए नाम
What's Your Reaction?



