देवबंद में सर्वधर्म एकता संगठन की नई कमान धीरज गुप्ता के हाथ, सर्वसम्मति से चुने गए अध्यक्ष

देवबंद के गुज्जरवाड़ा में सर्वधर्म एकता संगठन की बैठक में धीरज गुप्ता को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बढ़ाने का लिया संकल्प।

By INA News Desk
Oct 4, 2026 - 20:36
4 Views
देवबंद में सर्वधर्म एकता संगठन की नई कमान धीरज गुप्ता के हाथ, सर्वसम्मति से चुने गए अध्यक्ष

देवबंद के मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में सर्वधर्म एकता संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार और भावी रूपरेखा पर चर्चा हुई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए धीरज गुप्ता को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने फूल-मालाएं पहनाकर नए अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक पुनीत गर्ग (बाला जी) ने संगठन के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की स्थापना का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधना, आपसी सौहार्द और भाईचारे की जड़ों को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सकारात्मक योगदान देना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धर्म के प्रति आदर का भाव ही एक स्वस्थ और प्रगतिशील समाज की पहचान है। संस्थापक ने नए अध्यक्ष से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और जल्द ही एक सक्रिय व ऊर्जावान कार्यकारिणी का गठन करेंगे।

नवनियुक्त अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे समाज के हर तबके के लोगों को साथ लेकर चलेंगे और जनसमस्याओं के समाधान तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर संगठन के तमाम प्रमुख लोग मौजूद रहे, जिनमें दीपक वर्मा, रोहित गर्ग, विकास, डब्बू वर्मा, डॉक्टर अय्याज, मोहम्मद सलीम, फारुख, अंकित जैन, मनोज भारतीय, धनराज चावला और पंकज सैन सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल थे। सभी ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow