Hardoi: हरदोई में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ, जागरूकता रैली के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित। 

बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर हरदोई में जनपद

Apr 1, 2026 - 17:41
22 Views
Hardoi: हरदोई में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ, जागरूकता रैली के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित। 
हरदोई में 'स्कूल चलो अभियान' को लेकर जनपद स्तरीय रैली का आयोजन। 

जनपद हरदोई में नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के अवसर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से सिनेमा चौराहा, अटल चौक होते हुए रसखान प्रेक्षागृह तक बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के बच्चों द्वारा भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में नगर क्षेत्र हरदोई, बावन, टड़ियावां और सुरसा के 500 से अधिक छात्र-छात्राएं तथा 200 से अधिक शिक्षक शामिल हुए।

रसखान प्रेक्षागृह पहुंचने पर बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, विशिष्ट अतिथि सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’, अभय शंकर गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उच्च प्राथमिक विद्यालय ककरालीखेड़ा के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्राथमिक विद्यालय सनफरा के बच्चों ने पीटी का शानदार प्रदर्शन किया और उच्च प्राथमिक विद्यालय मुजाहिदपुर के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम से सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ एवं ‘निपुण भारत अभियान’ के तहत किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रा.वि. जलाखरपुरवा एवं बावन में कक्षा 1 के 10 बच्चों का नामांकन अतिथियों द्वारा कराया गया तथा नवप्रवेशी बच्चों को पुस्तकें एवं स्टेशनरी किट वितरित की गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को भी स्टेशनरी किट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही गत सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने सभी शिक्षकों से नामांकन योग्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया तथा बाल वाटिका व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बच्चों को खेलकूद पर ध्यान देने की प्रेरणा दी और अपने क्षेत्र के 100 विद्यालयों में विधायक निधि से डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्य अतिथि प्रेमावती ने जनपद में बेहतर शैक्षिक वातावरण के लिए शिक्षा विभाग की सराहना की। उन्होंने निपुण विद्यालय आकलन में लखनऊ मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने और प्रदेश में सर्वाधिक निपुण विद्यालय घोषित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी शिक्षकों से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी, शिक्षक, कार्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमआईएस इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, डीसी राहुल दुबे, एसआरजी आशीष कुमार मिश्र, अभय सिंह, नीलेश सिंह, अंकिता, स्वाति सिंह सहित अन्य का विशेष योगदान रहा। एजुकेट गर्ल्स संस्था के प्रतिनिधियों ने भी सहयोग प्रदान किया। अंत में कार्यक्रम का समापन सूक्ष्म जलपान के साथ हुआ।

Also Read- Hardoi: जिलाधिकारी ने की सीएम डैश बोर्ड राजस्व एवं विकास कार्यो की समीक्षा बैठक।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow