देवबंद के स्कूल में पहुंचे घाना के राजनयिक, छात्रों को दिया वैश्विक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
घाना के राजनयिक कोनराड नाना कोजो ने देवबंद के दून वैली स्कूल का दौरा किया। छात्रों संग संवाद कर वैश्विक संस्कृति और पर्यावरण का संदेश दिया।
देवबंद स्थित दून वैली पब्लिक स्कूल में पश्चिम अफ्रीकी देश घाना के प्रथम सचिव (व्यापार, संस्कृति और पर्यटन) कोनराड नाना कोजो एसिद्दयू का स्वागत किया गया। एक विशेष सत्र के दौरान उन्होंने छात्रों को घाना की समृद्ध परंपराओं, पर्यटन स्थलों और व्यापारिक अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को अपनी सोच को व्यापक और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और स्कूल की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने सरस्वती वंदना के साथ दीप जलाकर की। अपनी बात रखते हुए कोनराड नाना कोजो ने हिंदी भाषा न जानने के बाद भी 'नमस्ते' और 'धन्यवाद' जैसे शब्दों का उपयोग कर सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों की भाषा, संस्कृति और विचारों के आदान-प्रदान से वैश्विक स्तर पर आपसी समझ और दोस्ती मजबूत होती है।
कार्यक्रम में छात्रों और अतिथि के बीच सवाल-जवाब का दौर चला, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों ने घाना की स्थानीय भाषा में भाषण दिया, स्वागत गीत गाए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया गया, जो पर्यावरण सुरक्षा और हरित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है।
स्कूल के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने बताया कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन बच्चों के मानसिक विकास और ज्ञान को बढ़ाने में बेहद मददगार साबित होते हैं। शिक्षा का असली मकसद बच्चों को दुनिया से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि को यादगार चिह्न देकर धन्यवाद दिया। इस दौरान क्वालिटी डायरेक्टर अर्चना शर्मा, उप-प्रधानाचार्या तनुज कपिल और हरदीप सिंह समेत पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
What's Your Reaction?




