यूपी के 24 हजार से अधिक दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेंगे सहायक उपकरण: योगी सरकार ने बनाई 9.85 करोड़ रुपये की कार्ययोजना
उत्तर प्रदेश सरकार 24,617 दिव्यांग विद्यार्थियों को 9.85 करोड़ की योजना से सहायक उपकरण देगी। एलिम्को के सहयोग से 75 जिलों में 176 शिविर आयोजित होंगे।
उत्तर प्रदेश में समावेशी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी पहल की है। राज्य के 24,617 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण मुहैया कराए जाएंगे। इस उद्देश्य से समग्र शिक्षा अभियान के तहत चालू शैक्षणिक सत्र के लिए 9.85 करोड़ रुपये से अधिक की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के तकनीकी सहयोग से प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 176 मापन एवं उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, इस पूरे अभियान को पारदर्शी और सुचारू रूप से चलाने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत अगस्त से दिसंबर के दौरान चरणबद्ध तरीके से जिलों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का लाभ परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों, पीएम श्री स्कूलों, शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों, माध्यमिक शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को मिलेगा। पात्र बच्चों का चयन करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्रमुख, विशेष शिक्षक, फिजियोथेरेपिस्ट और जिला समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजित होने वाले शिविरों में बच्चों की शारीरिक स्थिति के परीक्षण के आधार पर व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, ब्रेल किट, ब्रेल स्लेट, स्मार्ट केन, सी.पी. चेयर और रोलेटर जैसे उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा श्रवण बाधित बच्चों के लिए जांच के उपरांत डिजिटल हियरिंग एड दिए जाएंगे। एलिम्को द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले ये सभी उपकरण निर्धारित मानक और उच्च गुणवत्ता के होंगे, जिससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और आवागमन में सुगमता मिलेगी तथा वे आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।
What's Your Reaction?




