हरदोई में सिंचाई पाइप फटने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चलने से कई लोग गंभीर रूप से घायल
हरदोई के अरवल क्षेत्र में खेत की सिंचाई वाली पाइप फटने पर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों तरफ के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
Report : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई में सिंचाई पाइप फटने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चलने से कई लोग गंभीर रूप से घायल
हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में खेत की सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप फटने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
यह पूरा मामला जिगनी और डुंडेपुरवा गांव से जुड़ा है। जिगनी गांव का रहने वाला अंकित खेतों में अपनी भैंस चराने गया था। इसी दौरान डुंडेपुरवा निवासी विजेंद्र सिंह अपने खेत में धान की रोपाई करवा रहे थे। धान की सिंचाई के लिए खेत में प्लास्टिक की पाइप फैली हुई थी, जिस पर अचानक भैंस का पैर पड़ गया और पाइप फट गई। पाइप फटने से नाराज विजेंद्र सिंह ने अंकित के साथ गाली-गलौज की और उसे थप्पड़ मार दिए।
अंकित ने घर पहुंचकर अपने परिवार को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद जब पीड़ित पक्ष के लोग खेत पर पहुंचे, तो दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि खेत में झगड़े के बाद दूसरे पक्ष के विजेंद्र सिंह और उनके बेटों सत्येंद्र, देवेंद्र सिंह, छोटे भैया और घनश्याम ने उनके घर में घुसकर हमला किया। इस हमले में अवधेश, आशीष और रजनीश के साथ मारपीट की गई। दूसरी तरफ, विजेंद्र सिंह के पक्ष ने भी विरोधी गुट पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
इस लाठी-डंडे की जंग में दोनों पक्षों के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बारे में जानकारी देते हुए उपनिरीक्षक करुणेश पाठक ने बताया कि सभी घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?




