हरदोई: ननिहाल से किशोरी को भगाने के मामले में कानपुर का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट में कार्रवाई
हरदोई की बिलग्राम थाना पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में कानपुर के रहने वाले आरोपी राहुल तिवारी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में हरदोई पुलिस को सफलता, कानपुर से नामजद आरोपी गिरफ्तारउत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की बिलग्राम थाना पुलिस ने एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी कानून सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। इस पूरे मामले की शिकायत पीड़ित परिवार ने दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, उनका परिवार पिछले कई वर्षों से कानपुर के पनकी क्षेत्र में रह रहा था। वहां से कुछ लोग उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इस घटना के बाद आरोपी लड़की को वापस घर छोड़ गए। इसके बाद पीड़ित अपनी बेटी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उसे लेकर हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र में स्थित उसके ननिहाल अलमापुर आ गए। लेकिन आरोपियों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और दोबारा लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।
इस संबंध में बिलग्राम थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया और जांच के दौरान इसमें पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। मामले की जांच के दौरान पीड़िता स्वयं बिलग्राम थाने पहुंच गई। उसने अपनी मां की मौजूदगी में पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह डर के कारण सीधे घर न जाकर पुलिस के पास आई थी। पुलिस ने सुरक्षा और मेडिकल जांच के लिए पीड़िता को वन स्टॉप सेंटर और अस्पताल भेजा, जहां शुरुआती जांच में उसके शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले। इसके साथ ही न्यायालय में भी पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए। इस बीच बिलग्राम थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्री प्रकाश, दीपनारायण पाण्डेय और उनकी टीम ने सुरागकशी के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल तिवारी उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी कानपुर के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नानकारी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?




