UP Assembly Election 2027: हरदोई में BJP ने कसी कमर, आठों विधानसभा सीटों पर विजय के लिए बनी रणनीति

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, हरदोई में संगठनात्मक बैठक आयोजित

By INA News Desk
Nov 28, 2026 - 23:50
4 Views
UP Assembly Election 2027: हरदोई में BJP ने कसी कमर, आठों विधानसभा सीटों पर विजय के लिए बनी रणनीति
Advertisement
Advertisement

हरदोई। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, हरदोई में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी कमलेश मिश्र तथा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सत्येंद्र राजपूत ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कर्मवीर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव संगठन की सामूहिक क्षमता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क की प्रभावशीलता की महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसके लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अभी से मिशन मोड में धरातल पर उतरकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने जिला पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और विधानसभा विस्तारकों को चुनावी तैयारियों का खाका देते हुए मतदाताओं से निरंतर संपर्क, समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने नए एवं छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने तथा सूची के प्रत्येक पन्ने पर दर्ज मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारी उसकी नींव होते हैं। कार्यकर्ताओं के आत्मबल, समर्पण और सक्रियता से ही संगठन के विचार जनमानस तक पहुंचते हैं। चुनावी सफलता केवल चुनाव के समय की सक्रियता से नहीं, बल्कि निरंतर संवाद, विश्वास और सेवा के माध्यम से अर्जित होती है।

कर्मवीर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनौतियों का सामना करते हुए हरदोई की आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लक्ष्य से कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि कमलेश मिश्र ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी विजय का आधार होता है। संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता और आमजन से उसका सीधा संवाद है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। सरकार की उपलब्धियों को तथ्यों और जनहित के कार्यों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच विश्वास और आत्मीयता का वातावरण बनाना आवश्यक है।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने कहा कि चुनाव में विजय का मार्ग मजबूत बूथ प्रबंधन, प्रभावी मतदाता संपर्क और अनुशासित संगठनात्मक कार्यशैली से होकर गुजरता है। भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रत्येक कार्यकर्ता यदि अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी से निभाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा संगठन के प्रति जनविश्वास मजबूत करने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय मंत्री महेंद्र राजपूत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता निर्णायक होगी। प्रत्येक बूथ पर प्रभावी संपर्क, नियमित प्रवास और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर पार्टी के जनाधार को व्यापक बनाना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में हरदोई का संगठन पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटा है। सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सशक्तीकरण, मतदाता संपर्क और कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय के माध्यम से विजय का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री रजनी तिवारी, सांसद जयप्रकाश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, साण्डी विधायक प्रभाष कुमार, संडीला विधायक अलका अर्कवंशी, बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, श्रीकृष्ण शास्त्री, राजीव रंजन मिश्रा और रामबहादुर सिंह सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष एवं विधानसभा विस्तारक उपस्थित रहे।

Also Read- BJP Padyatra In Gorakhpur - 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का दूसरा दिन, गोरखपुर में CM योगी और नितिन नवीन का सियासी शंखनाद

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement