Lucknow News: लखनऊ में लोक अदालतों के प्रचार-प्रसार को निकली पीआरवी वैन, जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह ने शुक्रवार को प्रातः 10:00 बजे न्यायालय
- विशेष लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत व राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 के प्रचार-प्रसार हेतु पी.आर.वी. वैन रवाना
- जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने न्यायालय प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; लखनऊ की समस्त तहसीलों, ब्लॉकों व दूर-दराज के क्षेत्रों में करेगी जागरूक
- जनपद न्यायालय में 28 नवम्बर को मोटर वाहन चालानों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत तथा 12 दिसम्बर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
- वादकारी अपने वाहन के मूल दस्तावेज, चालान की प्रति व वैध पहचान पत्र साथ लाकर करा सकते हैं लंबित चालानों का त्वरित निस्तारण
लखनऊ: जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह ने शुक्रवार को प्रातः 10:00 बजे न्यायालय प्रांगण से प्रचार-प्रसार हेतु पी.आर.वी. (PRV) वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पी.आर.वी. वैन मोटर वाहन से संबंधित चालानों के निस्तारण हेतु 28 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत, 12 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत तथा 30 दिसम्बर 2026 तक संचालित 'राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0' के संबंध में लखनऊ की समस्त तहसीलों, ब्लॉकों और दूर-दराज के इलाकों में जाकर आम जनमानस को इसके उद्देश्यों एवं लाभों के प्रति जागरूक करेगी।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली, मीडियेशन एवं कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली, उच्च न्यायालय, इलाहाबाद तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार इन आयोजनों का संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों, वाहन स्वामियों एवं वादकारियों से विनम्र अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित मोटर वाहन चालानों का सुलभ एवं त्वरित निस्तारण कराएं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की सचिव एवं सिविल जज (सी.डि.) सोनाली पूनिया ने बताया कि मोटर वाहन से संबंधित चालानों के निस्तारण हेतु 28 नवम्बर 2026 को जनपद न्यायालय, लखनऊ में विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है। इसके पश्चात 12 दिसम्बर 2026 को जनपद न्यायालय लखनऊ, पारिवारिक न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण, उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, स्थायी लोक अदालत, श्रम न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय, कलेक्ट्रेट एवं जनपद की समस्त तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 01 अगस्त से 30 दिसम्बर 2026 तक 'राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0' का भी प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पक्षकारों के मध्य आपसी संवाद एवं सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का शीघ्र और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय लोक अदालत) प्रकाश तिवारी ने बताया कि विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित शमनीय चालानों एवं यातायात से संबंधित वादों का त्वरित और सरल निस्तारण करना है। उन्होंने जानकारी दी कि वादकारी अपने वाहन के मूल दस्तावेज (आर.सी., ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा आदि), चालान की प्रति तथा अपना एक वैध पहचान पत्र साथ लेकर विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर लंबित मोटर वाहन चालानों का निस्तारण करा सकते हैं। कार्यक्रम में समस्त न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता तथा डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

