Hardoi News: सीडीओ ने बावन में निर्माणाधीन एमडीएम शेड और अमृत सरोवर का किया आकस्मिक निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने 01 अक्टूबर 2026 को विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बावन में विभिन्न विकास
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने 01 अक्टूबर 2026 को विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बावन में विभिन्न विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय बावन में निर्माणाधीन एमडीएम शेड/किचेन शेड, विद्यालय की लाइब्रेरी तथा वीबीजी राम जी योजना के तहत निर्मित कराए जा रहे अमृत सरोवर का जायजा लिया।

उच्च प्राथमिक विद्यालय में 6.08 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन एमडीएम शेड/किचेन शेड का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने निर्माण की प्रगति देखी। मौके पर नींव का कार्य चल रहा था और सभी पिलर खड़े किए जा चुके थे। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि कार्य लगभग एक सप्ताह में पूरा करा लिया जाएगा। सीडीओ ने गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव शत्रुधन सिंह एवं प्रशासक को दिए।
इसके बाद विद्यालय की लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी का नियमित रूप से बच्चों के पठन-पाठन के लिए उपयोग होता हुआ नहीं पाया गया। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रधानाध्यापक भानू प्रताप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा लाइब्रेरी का नियमित एवं विधिवत संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में काफी समय से पुताई न होने पर सीडीओ ने तत्काल पुताई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 दिन बाद विद्यालय का दोबारा निरीक्षण कराया जाएगा और कमियां मिलने पर जिम्मेदार कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अमृत सरोवर में बाउंड्रीवाल और तार फेंसिंग का काम जारी
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित कराए जा रहे अमृत सरोवर ‘तारा तालाब’ का निरीक्षण किया। लगभग 39.68 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस अमृत सरोवर में बाउंड्रीवाल और तार फेंसिंग का कार्य प्रगति पर मिला।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि कार्य लगभग एक माह में पूरा करा लिया जाएगा। सीडीओ ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनसामान्य की सुविधा के लिए बैठने हेतु बेंच और सोलर लाइटें लगवाने के निर्देश दिए। अमृत सरोवर परिसर में कैमरे लगवाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदीप कुमार तथा अवर अभियंता प्रदीप परासर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?