Hardoi News: विधान परिषद निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन की तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतपत्र एवं निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था, मतदान कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण, माइक्रो ऑब्जर्वरों की नियुक्ति, डाक मतपत्र संबंधी कार्यवाही, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा मतदेय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी मतदेय स्थलों पर पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, फर्नीचर, प्रकाश सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों का अधिग्रहण एवं उपलब्धता निर्धारित रूट प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रेक्षकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा मतदान कार्मिकों के खान-पान एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था के निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी को दिए। निर्वाचन प्रक्रिया की आवश्यक वीडियोग्राफी कराने और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को भी कहा।उन्होंने निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्वहन करें तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read- Hardoi News: सवायजपुर में बड़नगर-बनारस सेवा संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत, जुटे भाजपा कार्यकर्ता
What's Your Reaction?