Hardoi Census 2027 News: हरदोई में जनगणना 2027 के लिए प्रगणकों को बांटे गए नियुक्ति पत्र, 16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना
जिलाधिकारी हरदोई राहुल पांडेय के आदेश पर राजकीय इंटर कॉलेज में जनगणना 2027 के तहत प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र व परिचय पत्र वितरित किए गए। 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना होगी।
हरदोई: आगामी जनगणना-2027 को सकुशल, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी हरदोई राहुल पांडेय के आदेशानुसार एवं अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव के निर्देशन में रविवार (15 नवंबर) को तहसील सदर अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), हरदोई में जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों और फील्ड पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र, एएचएल (AHL), परिचय पत्र और अन्य आवश्यक प्रपत्रों का वितरण किया गया।
प्रशासन द्वारा वितरण कार्य को सुगम बनाने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में विकासखंड-वार अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र एवं तहसीलदार सदर ने अपनी उपस्थिति में सभी कार्मिकों को सामग्री वितरण संपन्न कराया।
16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व-गणना (Self-Enumeration) अभियान
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) का कार्य दिनांक 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य की सफलता के लिए जिलाधिकारी के आदेशानुसार मुख्य विकास अधिकारी हरदोई द्वारा सभी विभागों के अधिकारियों को पूर्व में ही लक्ष्य आवंटित किए जा चुके हैं।
चार्ज अधिकारियों की निगरानी में चल रहा कार्य
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत तहसील सदर में तहसीलदार सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हरदोई और अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोपामऊ को जनगणना 2027 का चार्ज अधिकारी नामित किया गया है, जबकि सभी खंड शिक्षा अधिकारी पदेन सह-चार्ज अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। नगर पालिका परिषद हरदोई द्वारा भी संबंधित कार्मिकों को प्रपत्र वितरण कराया जा रहा है, वहीं नगर पंचायत गोपामऊ द्वारा यह वितरण कार्य पूर्व में ही पूरा किया जा चुका है।
What's Your Reaction?

