हरदोई में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी, 16 नवंबर से स्व-गणना, CMMS आधारित डिजिटल प्रशिक्षण शुरू
हरदोई में जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना होगी। 1 दिसंबर से प्रगणक मोबाइल ऐप से आंकड़े जुटाएंगे। 144 फील्ड ट्रेनर्स दे रहे हैं CMMS प्रशिक्षण।
हरदोई। जनपद में आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना / Population Enumeration) को पूर्णतः पारदर्शी, त्रुटिरहित, मानकीकृत और समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी राहुल पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव के कुशल निर्देशन में चार्ज स्तर पर तैनात समस्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 'सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम' (सीएमएमएस / CMMS) आधारित विशेष डिजिटल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशासनिक योजना के अनुसार, जनपद में 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों द्वारा 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) की जाएगी। इसके उपरांत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के मध्य प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर क्षेत्रीय स्तर पर जनसंख्या गणना का कार्य विधिवत पूरा किया जाएगा।
तहसील और निकाय स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र जनपद की तहसील शाहाबाद, बिलग्राम, नगर पंचायत कुरसठ, कछौना-पतसेनी, बेनीगंज, गोपामऊ, माधौगंज व पाली तथा नगर पालिका परिषद हरदोई, सण्डीला, बिलग्राम एवं मल्लावां में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 अक्टूबर 2026 से संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद शाहाबाद, पिहानी एवं साण्डी के अधिशासी अधिकारियों द्वारा 28 अक्टूबर 2026 से प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ किए जाएंगे। इस द्वितीय चरण के लिए जनपद में चयनित 144 कुशल 'फील्ड ट्रेनर्स' तैनात किए गए हैं, जो चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सघन तकनीकी प्रशिक्षण दे रहे हैं।

नोडल अधिकारियों की निगरानी में तकनीकी अभ्यास व रोल प्ले अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) व जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि चार्ज स्तर पर संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) / उप जिला जनगणना अधिकारी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) बनाया गया है। वहीं सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इनकी प्रत्यक्ष निगरानी में प्रशिक्षण सत्रों का नियमित पर्यवेक्षण हो रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की संवैधानिक प्रक्रियाओं, प्रपत्रों और तकनीकी मानकों से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही फील्ड विजिट, रोल प्ले और डेमो मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रगणकों को डिजिटल डेटा संकलन, परिवारों की जानकारी दर्ज करने और सर्वर पर सुरक्षित अपलोडिंग का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है।

पहली बार आमजन को 'स्व-गणना' का डिजिटल विकल्प भारत की जनगणना-2027 में पहली बार आम नागरिकों को 'स्व-गणना' का आधुनिक विकल्प प्रदान किया जा रहा है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच आधिकारिक वेब पोर्टल के माध्यम से अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर का उपयोग करते हुए अपने मकान और परिवार की जानकारी स्वयं डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकेगा।
स्व-गणना अवधि समाप्त होने के बाद, प्रशिक्षित प्रगणक और पर्यवेक्षक 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक फील्ड में जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से शेष परिवारों का सत्यापन एवं शत-प्रतिशत जनसंख्या गणना कार्य पूर्ण करेंगे।
What's Your Reaction?

