मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा का तोहफा: AB-PMJAY पोर्टल Go-Live, 1 सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश
यूपी में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और परिजनों को कैशलेस इलाज के लिए AB-PMJAY पोर्टल Go-Live हुआ। सूचना निदेशक ने 1 सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कार्यरत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रित परिजनों को उत्कृष्ट एवं कैशलेस चिकित्सा सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी द्वारा विकसित नवीन 'AB-PMJAY' पोर्टल को औपचारिक रूप से 'Go-Live' करने की सहमति प्रदान कर दी गई। इसके साथ ही पोर्टल संचालन को लेकर प्रदेशभर के सूचना अधिकारियों का तकनीकी प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पोर्टल के लाइव होने के उपरांत स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों द्वारा इसके संपूर्ण 'प्रोसेस फ्लो' (Process Flow) का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के नए आयुष्मान कार्ड जारी करने, ऑनलाइन आवेदन, प्रशासनिक सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की चरणबद्ध प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया। इस कार्यशाला में निदेशालय मुख्यालय के अधिकारियों सहित प्रदेश के समस्त जनपदों में तैनात जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया।

पोर्टल को पत्रकारों के लिए बनाया गया सुगम और पारदर्शी सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि नवीन पोर्टल को पत्रकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहद सरल, पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मीडियाकर्मियों और उनके परिजनों को बिना किसी तकनीकी व्यवधान के योजना का त्वरित लाभ मिल सके।
एक सप्ताह के भीतर डाटा अपलोड करने का कड़ा निर्देश सूचना निदेशक ने प्रदेश के समस्त जनपदीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि ऐसे मान्यता प्राप्त पत्रकार और उनके आश्रित, जिनके आयुष्मान कार्ड अब तक किन्हीं कारणों से नहीं बन पाए हैं, उनका संपूर्ण विवरण आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। इसके साथ ही जिलों द्वारा इसकी समेकित सूचना तुरंत मुख्यालय को प्रेषित की जाए, ताकि मुख्यालय स्तर से कार्ड जारी करने की अग्रेतर कार्रवाई त्वरित गति से पूरी की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा व प्रशिक्षण बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

